Breaking News

: हम विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और रोजगार बढ़ाने पर फोकस करेंगे : अखिलेश यादव

रिर्पोट:- सुरेंद्र सिंघल/गौरव सिंघल वरिष्ठ पत्रकार, सहारनपुर मंडल.
सहारनपुर (दैनिक संवाद ब्यूरो)। समाजवादी पाटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज सोमवार को यहां दावा किया कि समाजवादी पार्टी की अगुवाई गठबंधन सहारनपुर की सभी सातों सीटों पर जीत दर्ज कर रहा है। ऐसे में हमें पूरा भरोसा है कि प्रदेश में हमारे गठबंधन को भारी बहुमत प्राप्त होगा। अखिलेश यादव आज सहारनपुर में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में अंबाला रोड़ स्थित एक बैक्वट हाल में सभा को संबोधित कर रहे थे। उससे पूर्व उन्होंने करीब 40-45 मिनट भीड़ भरे संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों द्वारा पूछे गए तमाम सवालों का सुसंगत तरीके से जवाब दिया। अखिलेश यादव ने मां शाकुम्बरी देवी को प्रणाम कर अपनी बात शुरू की। बोले यह शाकुम्बरी देवी की धरती है।
उनके नाम पर बनाई जा रही यूनिवर्सिटी के कार्यों में हमारी सरकार तेजी लाएगी और वहां तकनीकी और व्यवसायिक शिक्षा का भी समावेष करेगी। उन्होंने कहा कि सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कालेज में इलाज की उच्च स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। सभी जरूरी तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। ऊंचे वेतनमान वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी ताकि सहारनपुर जिले और आसपास के लोगों को बाहर जाकर उपचार कराने को मजबूर ना होना पड़े। उन्होंने सहारनपुर के वुड कार्विंग कारोबर में लगे कारीगरों और उनके परिवार के लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की बात कही। अखिलेश यादव ने मंच पर अपने बराबर में बैठे इमरान मसूद, मसूद अख्तर, मनोज चौधरी, डा. धर्म सिंह सैनी का नाम लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी में इन सभी को उचित सम्मान और तवज्जो मिलेगी। अखिलेश यादव ने सपा व्यापार सभा के प्रांतीय अध्यक्ष और सहारनपुर महानगर के विधायक संजय गर्ग, देवबंद के प्रत्याशी कार्तिकेय राणा, सहारनपुर देहात के प्रत्याशी आशु मलिक, बेहट के प्रत्याशी उमर अली, नकुड़ के धर्म सिंह सैनी, गंगोह के चौधरी इंद्रसैन और रामपुर मनिहारान के प्रत्याशी विवेककांत का परिचय कराते हुए सहारनपुर की जनता से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील की।
उन्होंने धर्म सिंह सैनी को कद्दावर नेता बताते हुए उनके समाजवादी पार्टी में आने को बड़ा कदम बताया। अखिलेश यादव ने इस सवाल के जवाब में कि भाजपा, सपा को गुंडों और माफियाओं की पार्टी करार देती है कहा कि भाजपा को खुद का चेहरा दर्पण में दिखाई देता है। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और भाजपा के सैकड़ों उम्मीदवार दागदार हैं। उनके खिलाफ संगीन धाराओं में आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर झूठ बोलने और गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जो जितना बड़ा नेता हैं वो उतना बड़ा झूठ बोलता है। अखिलेश यादव ने पिछली अपनी सरकार के समय में किए गए विकास कार्यों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण आदि का उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश में फिर से सरकार बनने पर सहारनपुर का विशेष ध्यान रखा जाएगा और प्रदेश में अवरूद्ध हो गए विकास कार्यों को फिर से शुरू कराया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार गौ-माताओं को पूरी तवज्जो देगी और गौशालाओं का बजट बढ़ाने का काम करेगी।
जो दूसरे आवारा पशु लोगों के लिए समस्याएं पैदा कर रहे हैं उससे किसान लोगों को निजात दिलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में उच्च अधिकारी भाजपा के कार्यकत्र्ता की तरह काम कर रहे हैं। चुनाव आयोग को ऐसे अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना चुनाव आयोग की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने दो दिन पूर्व सहारनपुर में मायावती द्वारा सपा पर लगाए गए आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में एक भी मुस्लिम सांसद प्रदेश से चुनकर नहीं आया था। हमने कैराना लोकसभा उपचुनाव में तब्बसुम हसन को आरएलडी के टिकट पर जितवाने का काम किया था और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी हमारे समर्थन से कई मुस्लिम सांसद समेत बसपा के 10 सांसद चुनाव में जीतकर गए। सहारनपुर के सांसद भी बहुजन समाज पार्टी के हैं। जो बिना सपा समर्थन के नहीं जीत सकते थे। सहारनपुर जिले की सातों सीटों पर दूसरे चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान सपा के सातों प्रत्याशी और प्रमुख नेतागण उपस्थित रहे। अखिलेश यादव तय समय से करीब दो घंटे देरी से सहारनपुर पहुंचे और करीब पौने दो घंटे ही सहारनपुर में रूके। उन्होंने यहां के लोगों को भरोसा दिया कि भविष्य में वह कई बार सहारनपुर आएंगे और यहां के लोगों का हर तरह से ध्यान रखा जाएगा।