Breaking News

सीएम योगी ने खोला सौगातों का पिटारा, 74 विकास परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण और शिलान्यास

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भदोही के ज्ञानपुर में सभा को सम्बोधित करते हुए जिलावासियों को सौगात दिया। सीएम ने भदोही में 373 करोड़ की 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उनके साथ मंच पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने एक गदा भेंट की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उस गदा को सोने का समझ कर उनको वापस कर दिया। जिसके बाद वो गदा प्रदेश अध्यक्ष को दी गई। हलांकि बाद में पता चला कि वो गदा पीतल की है।

सपा सरकार में राज करते थे गुंडे

जनता को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रत देव सिंह ने कहा कि सपा सरकार में गुंडे राज करते थे। योगी आदित्यनाथ की सरकार में गाड़ी पलट जाती है। हमारी सरकार में गुंडों की खैर नहीं है। सभी गुंडे जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर लगाातार कार्रवाई होती रहेगी। योगी सरकार में किसानों को अच्छी बिजली मिल रही है। किसान जब घर जाता है, तो बिजली की रोशनी में बीबी का चेहरा देखकर दो रोटी अधिक खाता है। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि वोट के समय जाति, पैसा देखकर नहीं विकास देखकर वोट किया जाता है। आपके पास एक राष्ट्र भक्त और ईमानदार नेतृत्व है।

हमारे लिए प्रदेश ही हमारा परिवार है

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर आगे नहीं बढ़ने देंगे। पिछली सरकारों का केवल अपना परिवार ही प्रदेश होता था लेकिन हमारी सरकार में जनता ही हमारा परिवार और प्रदेश है। हम सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास की नियत के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में पहले योजनाएं राजनीति के अपराधी करण की भेंट चढ़ जाती थी। प्रदेश में भाजपा सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास किया। उन्होंने कहा कि भदोही आज एक्सपोर्ट का हब बन रहा है। रोजगार बढ़ रहा है। यहां के विकास में बड़ी बाधा राजनीति में अपराधी करण था। उन्होंने कहा कि आज राजनीति से अपराधियों को बेदखल किया जा रहा है। भदोही में 10 लाख 60 हजार 583 लोगों को सरकार ने योजनाओं से लाभनभित किया है। कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपराधियों का विकास और अपने परिवार का विकास किया है।