Breaking News

सावधान! ‘लेडी सिंघम’ एक्शन में आईं, महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने 229 बदमाश दबोचे

राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में महिला पुलिस कर्मियों की टीम ने छह माह में विभिन्न अपराधों में शामिल 229 बदमाशों को पकड़ने कामयाबी हासिल की है। इन बदमाशों में झपटमारों से लेकर वाहन चोर तक सभी शामिल हैं। डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि तेजस्विनी कार्यक्रम के तहत बीट स्टाफ के तौर पर महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका बढ़ाई गई। इसके तहत पहले महिला पुलिसकर्मियों को महिलाओं एवं बुजुर्गों के मामलों को देखने के लिए नियुक्त किया गया। इस दौरान 516 महिलाओं एवं बुजुर्गों की सहायता की गई। साथ ही 21 शिविरों का आयोजन किया गया और 1468 किशोरियों एवं युवतियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।

इसके साथ ही महिला पुलिसकर्मियों को बीट में तैनात किया गया और बाइक से गश्त करने की जिम्मेदारी दी गई। बीते छह माह में महिला पुलिस कर्मियों ने 203 मामलों को सुलझाते हुए 229 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। महिलाओं से जुड़े पीसीआर कॉल की संख्या में 31 फीसदी तक की गिरावट आई है। वहीं, विभिन्न थानों की महिला पुलिस कर्मियों ने पांच सौ बोतल अवैध शराब भी बरामद की है।

सड़क हादसे में एसआई घायल

गीता कॉलोनी में बाइक सवार एक दिल्ली पुलिस के एसआई को स्कूटी सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। एसआई बाइक समेत गिरकर घायल हो गए। वहीं, स्कूटी सवार फरार हो गया। पुलिस नंबर प्लेट के जरिए आरोपी को तलाश रही है। पीड़ित अनिल ब्रह्मपुरी इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली पुलिस में एसआई हैं और मध्य जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात हैं। शुक्रवार शाम को घर से बाइक लेकर ड्यूटी के लिए निकले। गीता कॉलोनी में शांति वन के पास गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे एसआई घायल हो गए।