Breaking News

रसोई घर में फटा गैस सिलेंडर, परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल

दिल्ली से सटे गुरुग्राम के एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने के बाद आग लगने से एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सिलेंडर फटने की यह घटना शुक्रवार रात शीतला कॉलोनी में हुई। पुलिस के मुताबिक, घायलों में 40 वर्षीय संजू, उनकी पत्नी लक्ष्मी (36), बेटी निकिता (19) और बेटा नितिन (12) शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के रहने वाले संजू यहां रेहड़ी-पटरी लगाने का काम करते हैं और परिवार के साथ इस घर में किराये पर रहते हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी घायल करीब 60-70 फीसदी तक जल गए और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना उस समय हुई जब लक्ष्मी किराए के मकान की रसोई में खाना बना रही थी, तभी जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया और कमरे में मौजूद चारों लोग घायल हो गए।