Breaking News

यूपी-बिहार में भी पहुंचा मानसून, इस राज्य में मंडराया बाढ़ का खतरा

बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में मानसून की एंट्री हो चुकी है। बिहार के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी मानसूनी बारिश शुरू हो चुकी है। वहीं दिल्ली में भी आज बारिश होने की संभावना है। हालांकि दिल्ली में अभी मानसून आने में देरी है। अभी यहां मानसून आने में लगभग एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। इधर बिहार में मानसून अपने चरम पर है। बिहार में कई दिनों से लगातार बारिश देखने को मिल रही है। यहां की कई नदियां अपने पूरे उफान पर हैं। राज्य में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। फिलहाल, बिहार को आज भी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

अभी दिल्ली पहुंचने में लगेगा समय

मानसून को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विच्छोभ की वजह से उत्तरी-पश्चिमी भारत में मानसून में अभी तेजी नहीं आयी और इसे दिल्ली पहुंचने में सात से 10 दिन का समय लग सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले संभावना जतायी थी कि दिल्ली में मानसून अपने निर्धारित समय से 12 दिन पहले यानी 15 जून तक आ जायेगा लेकिन अभी तक दिल्ली में मानसून नहीं पहुंचा है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 27 जून तक पहुंचता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में अपना असर दिखाना शुरू कर देता है। दिल्ली में पिछले साल मानसून 25 जून को पहुंचा था और 29 जून तक पूरे देश में छा गया था।

उत्तराखंड में येलो अलर्ट

बिहार में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। यहां मंगलवार की सुबह से ही रूक-रूक कर बारिश हो रही है। और आज यानी बुधवार को भी भारी बारिश होगी। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। आईएमडी ने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की हो सकती है जिसके चलते मौसम विभाग ने उत्तराखंड में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। यहां कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली भी चमकने की संभावना जताई है। देहरादून में कहीं-कहीं बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

मूसलाधार बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी 16 जून को बिहार में भारी बारिश होने के साथ ही उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और महाराष्ट्र में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में गरज के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। वहीं 17 जून को बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, ओडिशा समेत महाराष्ट्र में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान गरज के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 18 जून बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मेघालय समेत महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

 फूल की खेती को नुकसान 

इधर उत्तर प्रदेश में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने यहां लगभग एक हफ्ते तक बारिश होने जा अलर्ट जारी किया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत आसपास के जिलों और पूर्वी यूपी में बीते 24 घंटो में लगतार बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अगले हफ्ते तक मूसलाधार बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के बाकी हिस्से में भी हल्की बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि हालांकि प्रदेश में लगतार एक हफ्ते तक होने वाली यह बारिश में बीच में कुछ समय के लिए रुक सकती है। आईएमडी का कहना है कि इस बार के मानसून से जहां धान की खेती करने वाले कुछ किसानों को फायदा होगा तो वहीं आम की फसल और फूल की खेती को बेहद नुकसान होने संभावना है।