Breaking News

मुर्दा घऱ में केक लेकर ब्वायफ्रेंड का जन्मदिन मनाने पहुंची गर्लफ्रेंड, मॉर्चुरी रूम के फोटो हुए वायरल

इंदौर का चर्चित और बड़ा एमवाय हॉस्पिटल एक बार फिर से चर्चा में आ गया है। यह हॉस्पिटल कभी डॉक्टरों की लापरवाही तो कभी नवजात की चोरी के कारण सुर्ख़ियों में रहा। मगर इस बार इस हॉस्पिटल का एक अलग मामला सामने आया है। यहां के महराजा यशवंतराव हॉस्पिटल के जिस मुर्दाघर में मरीजों की मौत के बाद शवों को रखा जाता है वह अय्याशी का अड्डा बना हुआ था। इस पूरी घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।

ये है पूरा मामला
असल में, मंगलवार की रात एक मृतक के परिजन हॉस्पिटल के मॉर्चुरी में शव लेकर पहुंचे थे तो वह लोग अंदर का नजारा देख हैरान हो गए। यहां ड्यूटी पर तैनात दो कर्मचारी, दो लड़कियों के साथ रंगरेलियां मनाते दिखाई दिए जिसे देखकर मृतक के परिजन हैरान हो गए थे। शव लाने वाले परिजनों ने जब उन लड़कों से पूछा कि यह सब क्या चल रहा है? तो कर्मचारी कहने लगे आप अपना काम करो और जाओ यहां से।

चुपचाप खींच ली तस्वीर
शव रखने आए लोगों ने चुपचाप मोबाइल से दोनों कर्मचारियों की तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर ली। ये फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने लगी। तस्वीर में साफ नजर आ रहा है कि दो कर्मचारियों के साथ दो लड़कियां भी दिखाई दे रही हैं जिसमें एक बेड पर लड़के के साथ बैठी है तो वहीं दूसरे कमरे में दूसरा कर्मचारी लड़की के साथ में था। मिली जानकारी के अनुसार ये दोनों रंगीन मिजाज कर्मचारी पिछले कई दिनों से रात को मॉर्चुरी में लड़कियों को बुला रहे थे। फोटोज जैसे ही वायरल हुई तो हॉस्पिटल में हंगामा मच गया और प्रशासन भी फ़ौरन हरकत में आया और दोनों ही कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया।

जन्मदिन मनाने पहुंची थी युवती
हॉस्पिटल प्रशासन ने मॉर्चुरी की चौकसी और लेने देने का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंप रखा है और रात में उसकी ओर से यहां दो कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाती है। मगर शाम को 6-7 बजे से यहां सन्नाटा हो जाता है जिसका फायदा दोनों कर्मचारी उठा रहे थे। बताया जा रहा है ये दोनों लड़के रोजाना दो लड़कियों को यहां ला रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार एक लड़की तो मंगलवार को यहां अपने ब्वॉयफ्रेंड का जन्मदिन मनाने पहुंची थी।

हॉस्पिटल प्रसाशन की सफाई
हॉस्पिटल प्रशासन ने इस केस पर सफाई देते हुए बताया है कि ये दोनों कर्मचारी निजी कंपनी के हैं जिन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है साथ ही कंपनी से सफाई मांगी गई हैं। प्रशासन ने कहा कि निजी कंपनी को नोटिस भी जारी कर दिया गया है और इसे लेकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।