Breaking News

देश में कोरोना की नई लहर से मची तबाही, एक महीने में बढ़े 85 फीसदी मामले

कोरोना महामारी ने पूरे देश में तबाही मचा रखी है। वहीं पिछले दिनों से देश में कोरोना मामलों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान 35 हजार 871 नए केस और 172 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। साथ ही इलाज कराने वाले कोरोना मरीजों की तादात लगातार बढ़ती ही जा रही है। वहीं अगर बात करें बीते एक महीने की तो इसमें एक्टिव मरीजों की संख्या 85 फीसदी बढ़कर 2 लाख 52 हजार 364 तक पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 17 फरवरी को देश में एक्टिव मामले 1 लाख 36 हजार 549 रह गए थे। उस वक्त एक्टिव केस मामले लगातार घट रहे थे। मगर पिछले एक महीने में कोरोना मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। इसका कारण यह है कि नए संक्रमण अधिक हो रहे हैं और स्वस्थ होने वालों की संख्या घट रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान 17 हजार 958 एक्टिव मामले बढ़ गए हैं। जबकि ठीक होने वालों की संख्या 17 हजार 741 रही।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 6 दिसंबर के बाद गुरुवार को सबसे अधिक कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। तब 36 हजार 11 नए केस आए थे। साथ ही अब तक भारत में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 1 करोड़ 14 लाख 74 हजार 604 तक पहुंच गई है, जबकि मरने वालों की संख्या 1 लाख 59 हजार 216 है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस वक्त में देश में 2.20 फीसदी एक्टिव केस हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पांच राज्यों महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में 79.54 फीसदी नए मामले आए हैं। केवल महाराष्ट्र में ही 63.21 फीसदी यानी 16620 नए मामले दर्ज हुए हैं। जबकि केरल में 1792 और पंजाब में 1492 केस सामने आये हैं।

मंत्रालय के अनुसार कोरोना के ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील में पाए गए नए तरह के देश में अब तक 400 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें सर्वाधिक केस ब्रिटेन में पाए गए तरह ही हैं। इन देशों से आने वाले लोगों के कोरोना संक्रमित निकलने पर वायरस की जीनोम सिक्वेंसिंग की जाती है जिसके बाद यह परिणाम निकलते है। देश की 10 लैब में अब तक हजारों नमूनों की सिक्वेंसिंग हो चुकी है।