Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगरीय निकाय चुनाव प्रचार का माता शाकम्बरी देवी एवं बाला सुंदरी देवी की धरती सहारनपुर से किया शंखनाद

रिपोर्ट- गौरव सिंघल,विशेष संवाददाता,दैनिक संवाद, सहारनपुर मंडल,उप्र:।।

सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने महाराज सिंह डिग्री कालेज के मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इसी के साथ भारतीय जनता पार्टी ने आज नगर निकाय चुनावों के प्रचार की विधिवत शुरूआत भी कर दी है। नगर निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रदेशभर में जो 75 जनसभाएं होनी हैं उस श्रृंखला में पहली कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर नगर से शुरूआत की। मुख्यमंत्री ने भाजपा के नगर निगम मेयर प्रत्याशी डा. अजय कुमार, देवबंद नगर पालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विपिन गर्ग, नकुड़ नगर पालिका के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शिवकुमार गुप्ता, सरसावा नगर पालिका के अध्यक्ष की प्रत्याशी वर्षा खटीक, गंगोह नगर पालिका के अध्यक्ष पद की प्रत्याशी कविता सैनी, पहली बार नगर पंचायत बनी छुटमलपुर अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा, बेहट से संजीव कड़वाल, नानौता नगर पंचायत की अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार अलका शर्मा, रामपुर मनिहारान की अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुशीला देवी, अम्बेहटा पीर नगर पंचायत की अध्यक्ष पद की भाजपा उम्मीदवार सपा रूहेला, चिलकाना सुल्तानपुर नगर पंचायत की भाजपा अध्यक्ष पद की उम्मीदवार फूल बानो और तीतरो नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के भाजपा उम्मीदवार चौधरी देवराज गुर्जर का परिचय कराया और उन सबको जिताने की अपील की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह छह साल के दौरान सहारनपुर में बार-बार इसलिए आए हैं कि उनके मन में इस जनपद के लिए इसलिए विशेष आकर्षण है क्योंकि 2017 में उनकी सरकार बनने से पहले इस जनपद की हर तरह से घोर उपेक्षा हुई थी। बिजली आपूर्ति और सड़कों की दुर्दशा दयनीय थी, गन्ना भुगतान समय पर नहीं होता था, सहारनपुर का विश्व प्रसिद्ध काष्ठ उद्योग मंदी और बेरोजगारी का शिकार था। उनकी सरकार ने सहारनपुर में माता शाकम्बरी राज्य यूनिवर्सिटी सहारनपुर में बनाने का काम किया। जिसके दो सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। पहले यहां के छात्रों को उच्च शिक्षा एवं डिग्री के लिए मेरठ की दौड़ लगानी पड़ती थी। अब यहां के छात्रों को माता शाकम्बरी के फोटो और आशीर्वाद वाली डिग्री मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार में कानून व्यवस्था पूरे भारत में सबसे अच्छी है। नागरिकों को भयमुक्त और सम्मान से जीने का अवसर मिल रहा हैं।

व्यवसायियों, उद्यमियों और कारोबारियों को अपने व्यवसाय को चलाने और आगे बढ़ाने में सभी तरफ से प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर और उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। पहले की सरकारों में आए दिन दंगा-फसाद होते रहते थे, नौजवान पर झूठे मुकदमें दर्ज किए जाते थे, बेटियों को लेकर माता-पिता अक्सर चिंतित रहते थे। आज भाजपा सरकार ने भयमुक्त वातावरण दिया हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के अभी तक के छह वर्षों के कार्यकाल में 54 लाख से अधिक लोगों को आवास मिला है। 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय की सुविधा मिली है। 1 करोड़ 75 लाख गरीबों को फ्री रसोई गैस के कनेक्शन मिले हैं।1 करोड़ 55 लाख गरीब परिवारों को फ्री बिजली कनेक्शन देने का काम किया है। प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 लाख रूपए का सालाना बीमा कवर योजना केंद्र और राज्य सरकार दे रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय निकायों में  विकास करने वाली भाजपा के उम्मीदवारों को जिताएं, उनकी सरकार स्थानीय निकायों को नगर विकास के लिए भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहारनपुर में 2014 से पहले गुरूद्वारे की भूमि को लेकर दंगा हुआ था और कर्फ्यू लगा था। आज सहारनपुर ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में कहीं भी कर्फ्यू नहीं लगता है। पहले कावड़ यात्रा को निकलने नहीं दिया जाता था। आज कांवड़ यात्रा पर फूल बरसाए जाते हैं। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमें होते थे अब ऐसा कोई नहीं कर सकता। पहले किसान आत्महत्या करता था आज प्रति वर्ष प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को छह हजार रूपए मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर माता शाकुम्बरी देवी और देवी बाला सुंदरी की पवित्र धरती है।

उनकी पार्टी ने 2014 लोकसभा चुनाव, 2017 के विधान सभा चुनाव, 2019 में लोकसभा के चुनाव और 2022 में  विधानसभा के चुनाव अभियान की शुरूआत सहारनपुर की धरती से ही की है और इन सभी चुनावों में भाजपा को मां शाकम्बरी के आशीर्वाद से भारी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू नो दंगा अब यूपी में सब ओर चंगा। माफिया अपराधी हो अतीत, सुरक्षा, खुशहाली, रोजगार का उत्तर प्रदेश बना प्रतीक। अब कर्फ्यू नहीं कांवड़ा यात्रा की तैयारी के लिए उत्सव के साथ उत्तर प्रदेश आगे बढ़ता है। अब उपद्रव नहीं उत्सव हमारी पहचान है। सभा स्थल पर मुख्यमंत्री दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पहुंचे। जहां उनका भाजपा के मेयर प्रत्याशी डा. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, लोक निर्माण मंत्री बृजेश रावत, औद्योगिक राज्य मंत्री जसवंत सैनी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगराध्यक्ष राकेश जैन, विधायक चौधरी कीरत सिंह, विधायक देवेंद्र निम, भाजपा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल,  प्रांतीय मंत्री डा. चंद्रमोहन राघव, पूर्व मेयर संजीव वालिया, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, नरेश सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम आदि ने बड़ी माला मुख्यमंत्री जी को पहनाई। मेरठ प्रांत के अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट की। एक अनुमान के अनुसार सभा में करीब 10  से

12 हजार लोगों की भीड़ थी। महिलाएं अच्छी खासी संख्या में सभा में मौजूद थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सभा स्थल पर पहुंचने से पहले मेयर पद के उम्मीदवार डा. अजय कुमार ने प्रेस गैलरी में पहुंचकर पत्रकारों से भेंट की और उन्हें नगर निगम को लेकर अपने विजन के बारे में बताया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह,  एसएसपी डा. विपिन टाडा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, सीओ सदर आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री से सभास्थल से नगर विकास रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।