Breaking News

मिल गयी दुल्हन :तीन फीट के अजीम को मिलेगी ढाई फीट की दुल्हनियां

प्रदेश के शामली जिले के तीन फीट के अजीम मंसूरी की किस्मत अब संवरने वाली है। अजीम मंसूरी के निकाह नहीं होने की फरियाद के बाद उनके पास रिश्तों की कतार लग गयी है। अजीम के परिजनों के पास कई लड़कियों का शादी के लिए फोन आना शुरू हो गया है। अजीम के लिए गाजियाबाद से भी एक रिश्ता आया है। अजीम मंसूरी के लिए साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीद नगर मोहल्ले से रेहाना के परिवार ने रिश्ता भेजा है। रेहाना की लंबाई ढाई फीट है। वह अजीम से दो साल छोटी है। रेहाना के पिता ने अजीम के वायरल वीडियो को हाल ही में देखा था। अजीम को देखने के बाद रेहाना के पिता इकबाल भी अपनी बेटी की अब शादी करना चाहते हैं। रेहाना की लंबाई कम होने की वजह से उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। इकबाल रेहाना को लेकर काफी परेशान थे लेकिन अब उनको लगने लगा है कि उनके घर भी बैंड बाजा के साथ बारात आएगी।

उनकी बेटी की शादी अजीम से हो जाएगी। रेहाना के पिता इकबाल अजीम के घरवालों को मध्यस्थ के जरिए रेहाना का रिश्ता भेज दिया है। दूसरी ओर इन दोनों परिवार में रिश्ता जोड़ने वाले हारून ने बताया कि उन्होंने अजीम का वीडियो देखा थी।

हारून ने ही अजीम के परिजनों से संपर्क साधा जिसके बाद अजीम के पिता ने रेहाना का फोटो भी मंगवाया। परिवार में चल रही शादी की बातचीत को लेकर रेहाना काफी खुश है। रेहाना ने सिलाई का कोर्स किया है। रेहाना ने बताया कि शादी के लिए उनके मां-बाप तैयार हैं तो मैं भी राजी हूं।