Breaking News

महाराष्ट्र में मंदिर खुले, मुख्यमंत्री ने मुंबादेवी मंदिर में किया दर्शन

महाराष्ट्र में कोरोना की वजह से पिछले 19 महीनों से बंद मंदिर के पट आज खुल गए हैं। गुरुवार सुबह ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सपरिवार मुंबई के मशहूर मुंबादेवी मंदिर में जाकर देवी मां का दर्शन किया। इस मौके पर मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर भी उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री ने सभी भक्तजनों से कोरोना नियमावली का पालन करते हुए मंदिर में पूजा अर्चना करने की अपील की है।

मुंबादेवी मंदिर में देवी मां का दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर के व्यवस्थापन से चर्चा की। उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति से मंदिर में भक्तों की सुविधाओं पर ध्यान देने व कोरोना नियमावली का पालन करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को बताया कि कोरोना से इतने दिनों तक मंदिर सहित सभी धार्मिक स्थल बंद थे। लेकिन आज से इन मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थलों को खोल दिया गया है। इससे लोग अब मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थलों में जाकर अपने इष्टदेवता की पूजा अर्चना कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा भक्तों को सामाजिक दूरी का पालन करना व मास्क का प्रयोग करना अनिवार्य है।

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार व जलसंपदा मंत्री जयंत पाटिल ने मुंबई के मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इसी तरह बीड़ जिले में परली वैजनाथ स्थित ज्योर्तिलिंग मंदिर में राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे ने जाकर पूजा अर्चना की।

उल्लेखनीय है कि राज्य में कोरोना की वजह से मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थल बंद थे। इन मंदिरों सहित धार्मिक स्थलों को खोले जाने की मांग भारतीय जनता पार्टी ने की थी। इसी वजह से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घटस्थापना के दिन 7 अक्टूबर से मंदिरों सहित सभी धार्मिक स्थलों को खोले जाने की घोषणा की थी। राज्य सरकार की ओर से इसके लिए नियमावली बनाई गई है। इस नियमावली का पालन करते हुए आज से सभी मंदिर व धार्मिक स्थल के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं।