Breaking News

बहू समेत चार लोगों की हत्या करने वाले रिटायर्ड फौजी ने जेल में की आत्महत्या, फंदा लगाकर दी जान

हरियाणा के गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क में चार लोगों की हत्या का आरोपी रिटायर्ड फौजी राव राय सिंह ने जेल में आत्महत्या कर ली है। सोमवार देर रात  रिटायर्ड फौजी ने अपने बैरक में गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  बताया जा रहा है कि इकलौते बेटे आनंद पर जांच के लिए दबाव बढ़ रहा था। सुनीता के परिजनों ने आनंद पर भी हत्या का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रॉपर्टी विवाद को कारण बताया था।

हरियाणा के गुरुग्राम में 24 अगस्त को देर रात रिटायर्ड फौजी ने अपनी बहू और किराएदार के बीच अवैध संबंधों के शक में बच्ची समेत चार लोगों को बेरहमी से काट डाला था। 65 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी राव राय सिंह ने पुत्रवधू सुनीता यादव (35), किराएदार कृष्ण तिवारी (40), उसकी पत्नी अनामिका तिवारी (34) और बेटी सुरभि (7) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी।

हमले में किराएदार की तीन साल की बेटी विधि घायल हुई थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी और खुद उसके राधा कृष्ण मंदिर वाली गली में बने मकान पर पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक, मकान की पहली मंजिल पर राय सिंह की पत्नी व पोती जीवित मिले, जबकि पुत्रवधू सुनीता वहीं मृत पड़ी थी। दूसरी मंजिल पर किराएदार कृष्ण, उसकी पत्नी सुरभि और दो बेटियां लहूलुहान मिले। इनमें छोटी विधि को सेक्टर 10 के नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। फिलहाल वह ठीक है।