Breaking News

बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के कारण चक्रवाती तूफान का साया, अलर्ट जारी

बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर चक्रवाती तूफान का साया मडरा रहा है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती संरचना विकसित हो रही है जो 4 दिसंबर यानी शनिवार के आसपास आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के समुद्री तटों से शनिवार तक जवाद तूफान टकरा सकता है। बंगाल की खाड़ी में हो रही हलचल के कारण मौसम विभाग ने आज से चार दिनों तक इन राज्यों में लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।

 

मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि थाईलैंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस दबाव क्षेत्र के अगले 12 घंटों में अंडमान सागर तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए दो दिसंबर तक दक्षिण-पूर्व तथा पास के बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में पहुंच सकता है। इसके बाद चार दिसंबर, शनिवार की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों से टकराने की संभावना है। वहीं इस कम दबाव के कारण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी और अति भारी बारिश होने का अनुमान है।

 

एक दिसंबर को गुजरात क्षेत्र, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कोंकण में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दो दिसंबर को गुजरात क्षेत्र और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग जगह भारी बारिश हो सकती है।