Breaking News

‘प्रदर्शनकारियों का मर्डर करके उनको चुप नहीं कराया जा सकता…’ वरुण गांधी ने वीडियो शेयर कर खोला मोर्चा

भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने किसानों के गाड़ी से रौंदे जाने का एक नया वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के आने के बाद किसानांे पर की गयी बर्बरता को देखा जा सकता है। लखीमपुर मसले पर पहले भी ट्वीट कर चुके वरुण गांधी ने अब वीडियो ट्वीट कर न्याय की गुहार लगाई है। यह लखीमपुर की घटना का ताजा वीडियो है जो कि बुधवार रात सामने आया था। इसमें तेज रफ्तार थार गाड़ी किसानों को कुचलती साफ दिखाई दे रही है। लखीमपुर हिंसा के नए वीडियो को वरुण गांधी ने भी शेयर करते हुए लिखा कि यह वीडियो बिल्कुल साफ है। प्रदर्शनकारियों का मर्डर करके उनको चुप नहीं कराया जा सकता। निर्दोष किसानों के बिखरे खून की जवाबदेही होनी चाहिए। सभी किसानों के अंदर अहंकार और क्रूरता का संदेश जाए इससे पहले न्याय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय से न्याय मिलना चाहिए।

वरुण गांधी जो वीडियो ने शेयर किया है वह बुधवार को सामने आया। यह वीडियो उस वक्त का ही है जब थार गाड़ी ने किसानों को कुचला। इस वीडियो का कुछ हिस्सा पहले भी सामने आया था, जिसको लेकर विपक्षी दलों ने सरकार को निशाने पर लिया था। ताजा वीडियो पहले के मुकाबले ज्यादा लंबा और साफ है। इसमें दिख रहा है कि किस तरह कार तेजी से आई और किसानों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई लेकिन फिर कार खुद भी आगे जाकर रुक गई जिसके पीछे लाठी-डंडे लेकर प्रदर्शनकारी किसान भागते दिखते हैं। किसानों के रौंदे जाने के बाद आक्रोश भड़क गया।

 

 

वरुण गांधी ने सीएम योगी को पत्र भी लिखा था

लखीमपुर मसले पर वरुण गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भी लिखा था। पत्र में सीबीआई जांच की मांग और पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ का मुआवजा देने की मांग की गई थी। पार्टी लाइन से अलग जाकर किसानों के समर्थन में वरुण गांधी पहले भी आवाज उठाते रहे हैं। वरुण ने पिछले महीने सीएम योगी से गुहार लगाई थी कि वह किसानों की विभिन्न समस्याओं को दूर करें। इसमें गन्ने की कीमत, पीएम किसान योजना की राशि दोगुनी करने की मांग की गई थी।