Breaking News

धनतेरस पर सोना खरीदने बाजार जा रहे है तो इन बातों का ख्याल रखें, ठगे जाने से बच जाएंगे

मौका धनतेरस का हो या दिवाली का या फिर शादी-विवाह का, आपको सोना या सोने के जेवर खरीदते समय स्मार्टनेस दिखानी होगी। आपको पहले से ही 14 कैरेट से लेकर 24 कैरेट तक के गोल्ड का लेटेस्ट रेट पता होना चाहिए। आभूषणों पर लिखे नंबर और उससे तय होने वाली कीमत का गणित भी अगर आप जानते हैं तो कोई सुनार आपको झांसा नहीं दे सकता। हो सकता है आप 24 कैरेट का दाम देकर 18 कैरेट का गोल्ड उठा लाएं। इसलिए आपको कुछ ऐसे टिप्स देने जा रहे हैं ताकि आप सोने की सही कीमत और उसकी शुद्धता के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लेंगे।

  • सोने-चांदी की खरीदारी या बिकवाली से पहले सोने का रेट जरूर पता कर लें। आप IBJA यानी इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट https://ibjarates.com/ पर जाकर स्पॉट का रेट पता कर सकते हैं।
  • IBJA के वेबपेज के अलावा फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल से भी सोने का ताजा भाव लिया जा सकता है। बता दें कि IBJA द्वारा जारी किए गए रेट देशभर में सर्वमान्य है। हालांकि इस वेबसाइट पर दिए गए रेट में 3 फीसद का जीएसटी (GST) शामिल नहीं किया गया है।
  • सोना बेचते समय आप IBJA के रेट का हवाला दे सकते हैं। यहां बताना जरूरी है कि पहले से भाव का पता होने पर ज्वैलर से आप अच्छा दाम हासिल कर सकते हैं।
  • असली सोना 24 कैरेट का ही होता है, लेकिन इसके अभूषण नहीं बनते, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66 फीसद सोना होता है।ज्वैलरी ही खरीदते समय हॉलमार्क जरूर देखें

    ज्वैलरी खरीदने जा रहे हैं तो इस बात का ख्याल रखिए कि हॉलमार्क वाली ज्वैलरी ही लें। दोबारा बेचते समय बिना हॉलमार्क वाली ज्वैलरी का सही दाम का मिलना मुश्किल हो सकता है। बता दें कि बिक्री के समय हॉलमार्क वाली ज्वैलरी का मूल्य मौजूदा बाजार भाव पर तय होती है। इसलिए हॉलमार्क सर्टिफिकेट वाली ज्वैलरी ही खरीदें।

    हॉलमार्क  और   शुद्धता

    • हॉलमार्क 375  मतलब  37.5 % शुद्ध सोना
    • हॉलमार्क 585  मतलब  58.5 % शुद्ध सोना
    • हॉलमार्क 750   मतलब 75.0 % शुद्ध सोना
    • हॉलमार्क 916 मतलब    91.6 % शुद्ध सोना
    • हॉलमार्क 990 मतलब   99.0 % शुद्ध सोना
    • हॉलमार्क 999  मतलब  99.9 % शुद्ध सोना

    सामान्तय: ज्वैलर 22 कैरेट यानी 91.6 फीसद शुद्धता वाली गोल्ड ज्वैलरी की बिक्री करता है। 22 कैरेट वाली ज्वैलरी पर 915 हॉलमार्क का चिह्न अंकित रहता है। 18 कैरेट की ज्वैलरी का सोना 75 फीसद शुद्ध होता है।

    सोना और उसकी शुद्धता

    • 24 कैरेट    99.9
    • 23 कैरेट    95.8
    • 22 कैरेट    91.6
    • 21 कैरेट    87.5
    • 18 कैरेट    75
    • 17 कैरेट    70.8
    • 14 कैरेट    58.5
    • 9 कैरेट    37.5

    कैसे तय कर सकते हैं अपने सोने की कीमत 

      • 1 कैरेट गोल्ड का मतलब होता है 1/24 पर्सेंट गोल्ड, यदि आपके आभूषण 22 कैरेट के हैं तो 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्तेमाल सोने की शुद्धता 91.66 फीसद।
      • मान लीजिए 24 कैरेट सोने का रेट टीवी पर 50000 है और बाजार में इसे खरीदने जाते हैं तो 22 कैरेट सोने का दाम (50000/24)x22=45833.33 रुपए होगा। जबकि ज्वैलर आपको 22 कैरेट सोना 50000 में ही देगा। यानी आप 22 कैरेट सोना 24 कैरेट सोने के दाम पर खरीद रहे हैं।
      • ऐसे ही 18 कैरेट गोल्ड की कीमत भी तय होगी। (50000/24)x18=37500 जबकि ये ही सोना ऑफर के साथ देकर ज्वैलर आपको छलते हैं।

    गहने खरीदें तो बिल जरूर लें 

    अगर आप सोने या चांदी की ज्वैलरी (Gold Jewellery) खरीद रहे हैं तो सर्राफ से उसका पक्का बिल जरूर मांगे। क्योंकि बिल में आपकी सोने की शुद्धता और रेट आदि की जानकारी दी रहती है। अगर आपके पास बिल है तो सोना-चांदी वापस बेचते समय मोलभाव कर सकते हैं वरना ज्वैलर आपसे मनमाने भाव पर सोना खरीद सकता है, यानी आपको नुकसान हो सकता है।