Breaking News

दिल्ली से पटना पहुंच सकेंगे सिर्फ आठ घंटे में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा आरा

आठ हजार करोड़ की लागत से बनने वाली ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे अब बक्सर-आरा होकर राजधानी पटना से जुड़ेगी। पहले यह नई दिल्ली से गाजीपुर तक ही प्रस्तावित थी। यह एक्सप्रेस-वे बन जाने के बाद पटना से नई दिल्ली तक का सफर महज आठ घंटे में पूरा हो सकेगा।

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को आरा शहर में रेल ओवरब्रिज का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लोकार्पण करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह ओवरब्रिज दोनों ओर जीरो माइल और कायमनगर से जुड़ेगा। कुल 11.80 किमी का रिंग रोड बनेगा। इससे आवागमन में बहुत सहूलियत होगी।

वहीं केंद्रीय परिवहन विभाग ने आरा शहर की चार किमी सड़क भी बनाकर राज्य सरकार या नगर निगम को सौंप देगा। सड़कों के मामले में अगले तीन सालों में बिहार देश का अग्रणी राज्य हो जायेगा। आरा जंक्शन परिसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व स्थानीय सांसद आरके सिंह भी मौजूद थे।

उन्होंने रिमोट दबा समारोह स्थल पर लगे शिलापट्ट का लोकार्पण किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उप मुख्य मंत्री तार किशोर प्रसाद, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन भी जुड़े थे। गडकरी ने कहा कि अगले छह माह में देश में इथेनॉल से मर्सिडिज बेंज से लेकर ऑटो तक दौड़ेंगे। इस तरह पेट्रोल पर निर्भरता घटेगी।

इथेनॉल उत्पादन बढ़ने से किसान खुशहाल होंगे और रोजगार भी मिलेंगे। इधर, शुक्रवार की रात समारोह स्थल के बने मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने से जदयू कार्यकर्ताओं ने गुस्से का इजहार किया और केंद्रीय मंत्री आरके सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम से संबंधित जहां-तहां लगाये गये बैनरों को जलाया। हालांकि कार्यक्रम शुरू होने से पूर्व मंच पर मुख्यमंत्री की तस्वीर लगा दी गई थी।