Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में पंजाब के सुखबीर समेत दो जवान शहीद

पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्षविराम का फिर उल्लंघन करते हुए शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की, जिससे सेना के दो जवान शहीद हो गए। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सुंदरबानी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर अकारण गोलीबारी की। भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलायी। गोलीबारी में सेना के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। शहीद जवानों की पहचान नायक प्रेम बहादुर खत्री और राइफलमेन सुखबीर सिंह के रूप में की गई है।

 

पंजाब के तरनतारऩ गांव का निवासी था जवान सुखबीर सिंह
खडूर साहिब हलके के गांव ख्वासपुरा का साईक सुखबीर सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पाक सैनिकों द्वारा की गई फायरिंग में शहीद हो गए। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया और घर में लोगों का तांता लगा हुआ है। दो साल पहले सेना में भर्ती हुए सुखबीर सिंह चार बहनों और भाइयों में से सबसे छोटे थे। सुखबीर सिंह के शहीद होने की जानकारी मिलते ही उनके पिता कुलवंत सिंह बेटे की तस्वीर गले से लगाकर रोने लगे। मां जसबीर कौर को जब बेटे के शहीद होने बाबत जानकारी मिली तो वह अपना सुधबुध खो बैठीं। वहीं, गांव हवासपुर के एक दर्जन से अधिक नौजवान सेना में तैनात बताए जाते हैं।

 

एक दिन पहले सूबेदार शहीद हुए थे
गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे भी पाकिस्तान ने पुंछ जिले के किरनी, कस्बा और शाहपुर सेक्टरों में मोर्टार के साथ छोटे हथियारों से गोलाबारी की। इसमें सेना के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए थे, जबकि एक नागरिक जख्मी हो गया। स्वतंत्र सिंह उत्तराखंड के गड़वाल जिले के रहने वाले थे। कुछ दिन पहले ही पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के डिगवार, मालती और दल्लन इलाकों में भी सीजफायर वॉयलेशन किया था।