Breaking News

कप्तानी विवाद के बाद गावस्कर ने तोड़ी चुप्पी, अब कोहली खेलेंगे ‘विराट’ पारी, रोहित शर्मा की ऐसे की तारीफ

विराट कोहली और सौरभ गांगुली के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। कप्तानी विवाद के बीच भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुकी है। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा है कि अब उन्हें विराट से बड़ी पारियां देखने को मिलेंगी। विराट के बल्ले से आखिरी इंटरनेशनल सेंचुरी नवंबर 2019 में निकली थी। विराट लंबे समय से अपनी 71वें इंटरनेशनल सेंचुरी का इंतजार कर रहे हैं। ज्ञात हो कि विराट कोहली से वनडे टीम की कप्तानी वापस ले ली गई है। वह सितंबर में खुद से टी-20 कप्तानी छोड़ चुके हैं। इसके साथ ही विराट का बल्ला भी काफी दिनों से शांत नजर आ रहा है। सुनील गावस्कर का मानना है कि कप्तानी से अलग होना विराट कोहली के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि हम दो साल पहले वाले विराट कोहली को देख सकते हैं जो लगातार शतक पर शतक स्कोर करते थे। गावस्कर ने कहा है कि विराट कोहली के ऊपर वनडे और टी-20 की कप्तानी नहीं होने से दबाव मुक्त होंगे। कप्तानी नहीं होने की वजह से वह खुले दिमाग से अपने खेल का आनंद ले सकेंगे।

 

विराट ने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 70 सेंचुरी स्कोर की हैं। विराट ने 245 वनडे पारियों में 43 और टेस्ट फॉर्मेट में 164 पारियों में 27 शतक जड़े हैं। विराट कोहली का आखिरी वनडे शतक 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ था। यह सीरीज 2019 विश्व कप के तुरंत बाद खेली गई थी। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने नए चुने गए वनडे कप्तान रोहित शर्मा की भी जमकर तारीफ की। गावस्कर ने कहा कि उन्हें रोहित शर्मा पर पूरा भरोसा है और भारत के लिए भी अपनी आईपीएल की तहर एक सफल कप्तान साबित होंगे। रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान मुंबई इंडियंस को 5 बार आईपीएल खिताब जिताए हैं।

 

विराट कोहली अभी टीम इंडिया के साथ दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हैं. 26 दिसंबर से भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत सेंचुरियन से होगी। रोहित शर्मा चोट के चलते इस सीरीज से बाहर है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला तीसरा टेस्ट विराट का 100वां टेस्ट मैच होगा। ज्ञात हो कि भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीतने की कोशिश करेगी।