Breaking News

इस तरीके से लगाए लिपस्टिक, आपकी खूबसूरती को लग जाएंगे चार चांद

लिपस्टिक बिना मेकअप मानो नमक के बिना खाना। लिपस्टिक आपके श्रंगार में चार-चांद लगाती है तो आपके रूप को बिगाड़ना भी जानती है। यूं तो इसे सभी लगाते हैं, लेकिन सही तरह से लगाना हर कोई नहीं जानता। निगाहों से बचाकर उसे पहली बार होंठों पर सजाते-सजाते कब वो पर्स में स्थायी जगह ले लेती है, पता ही नहीं चलता। उसका न होना चेहरे की रौनक को फीका कर देता है। सही समझीं, वो लिपस्टिक ही है जिसे आप मेकअप नहीं, जरूरत समझती हैं। न कजरे की धार न कोई श्रंगार, बस एक लिपस्टिक आपके चेहरे पर चार-चांद लगा देती है। इसके रूप और रंग आपको खासा लुभाते भी हैं।

कभी मैट तो कभी ग्लॉस, पार्टी के लिए ये वाली और नियमित इस्तेमाल के लिए वो वाली। लो बजट में 100 रुपए से लेकर आप हाई बजट में 2000 रुपए तक अपनी पसंद की लिपस्टिक पर खर्च करने के लिए तैयार रहती हैं। जो आपके लिए इतनी खास है, वो आपको खास अंदाज दे, ये भी तो जरूरी है। लिपस्टिक लेने भर से बात नहीं बनती, इसे लगाने का सही तरीका भी आना जरूरी है। साथ ही यह भी जानना जरूरी है कि यह किस तरह आपके काम आ सकती है।

होंठों को यूं दें सही आकार-

लिपस्टिक लगाने के लिए होंठों को आकार देने में सावधानी बरतने की खास जरूरत होती है। इसके लिए आप लिप लाइनर की मदद ले सकती हैं। ये लिप लाइनर आपके होंठों के रंग से मिलता हुआ होना चाहिए। ऊपर के होंठ को एम आकार देते हुए पूरा करें, लेकिन इसे पैना न करें।

मेकअप आर्टिस्ट श्वेता कपूर बताती हैं कि होंठों को ऊपर से घुमावदार आकार देना चाहिए। लिपस्टिक बाहर से अंदर की ओर लगानी चाहिए। अगर होंठ पतले हैं तो लिपलाइन से छूते हुए बाहर की ओर होंठ को बड़ा आकार दे सकती हैं। ध्यान रखें, इसे लिपलाइन से ज्यादा दूर न करें। अगर होंठ मोटे हैं तो कंसीलर की मदद से उन्हें छिपाकर नया आकार दे सकती हैं। आकार देने में लिपलाइनर का इस्तेमाल करें।

ताकि लंबे समय तक टिके लिपस्टिक-

लिपस्टिक आपके होंठों पर देर तक टिकी रहे, इसके लिए आपको सबसे पहले अपने होंठों की सेहत पर ध्यान देना जरूरी है। लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों को स्क्रब करके लिप बाम लगा लें। नरम होंठों पर लिपस्टिक लगाने के बाद उसे टिकाऊ  बनाने के लिए उसे मैट टेक्सचर देना जरूरी है। इस काम में ट्रांसल्यूसेंट पाउडर आपकी मदद करेगा। आपको ब्रश की मदद से हल्का-सा पाउडर लिपस्टिक के ऊपर लगाना है। अगर ट्रांसल्यूसेंट पाउडर नहीं है तो आप बेबी पाउडर की मदद भी ले सकती हैं, लेकिन इसे बहुत कम मात्रा में इस्तेमाल करें।

जब बात हो रंगों की-

लिपस्टिक आप पर कितनी फबेगी, यह बहुत कुछ आपके चुने रंग पर निर्भर करता है। ये चुनाव आपको अपने स्किन टोन को ध्यान में रखकर करना होगा। अगर आप गोरी हैं तो आप न्यूड शेड के साथ पिंक टोन के रंगों का चुनाव करें। मध्यम स्किन टोन होने पर आप ऑरेंज टोन के न्यूड शेड्स का चुनाव कर सकती हैं। अगर आपकी रंगत थोड़ी गहरी है तो चॉकलेट ब्राउन, रोजी ब्राउन वाले शिमर या कैरेमल ब्राउन, वार्म रेड जैसे टोन चुनें। अगर आप चाहती हैं कि आपकी लिपस्टिक का रंग खास उभरकर आए तो इसे लगाने से पहले होंठों पर फाउंडेशन लगा लें।

ऐसे दें थ्री-डी इफेक्ट-

आप होंठों को लिपस्टिक की मदद से थ्री-डी अंदाज दे सकती हैं। फोटोग्राफी में ये खास आकर्षक दिखती हैं। ये बिल्कुल उसी प्रकार है, जैसे आंखों पर आईशैडो लगाया जाता है। इस तरह के इफेक्ट के लिए आपको एक ही फैमिली के दो या तीन रंगों की जरूरत पड़ेगी। होठों को कंसीलर आदि से पूरी तरह तैयार कर लेने के बाद उनको शेप दे दें। इसके बाद सबसे हल्के रंग का बेस कोट दें। अब होठों के बाहरी हिस्सों और लिपलाइन पर गहरा रंग लगाएं। यानी होंठ के बीच वाले या अंदरूनी हिस्से को छोड़कर बाकी हिस्से पर गहरा रंग लगाएं। अब बचे हुए हिस्से पर मध्यम रंग वाला शेड लगाएं। साथ ही शेड्स की ब्लेंडिंग अच्छे से करें। अगर आपके पास कई शेड नहीं हैं तो एक ही शेड लगाने के बाद नीचे के होंठ के अंदरूनी हिस्से में हाइलाइटर लगाकर भी आप ये इफेक्ट दे सकती हैं।

यूं भी आएगी काम-

लिपस्टिक मेकअप किट का वो अहम हिस्सा है, जो जरूरत पड़ने पर आपके कई तरह से काम आ सकती है। लाल या ब्राउन लिपस्टिक करेक्टर के तौर पर काम कर सकती है। इनसे आप त्चचा में मौजूद डार्क पैच को छिपा सकती हैं। इन्हें करेक्टर के तौर पर इस्तेमाल करने के बाद फाउंडेशन लगाना न भूलें। पिंक शेड को ब्लशर के तौर पर इस्तेमाल कर सकती हैं। वहीं ब्राउन शेड्स ब्रॉन्जिंग के काम आएंगे। आइशैडो का काम भी लिपस्टिक बखूबी करेगी।