Breaking News

अमेरिकी संसद कैपिटल के बाहर कार ने बैरिकेडिंग उड़ाई, सुरक्षा को खतरा कैपिटल परिसर में लगाया गया लॉकडाउन

वॉशिंगटन : अमेरिकी संसद के राजधानी वॉशिंगटन डीसी स्थित कैपिटल परिसर में शुक्रवार को लॉकडाउन लगा दिया गया। यहां दो पुलिस ऑफिसरों को एक गाड़ी ने टक्कर मार दी जिसके बाद यह कदम उठाया गया। जानकारी के मुताबिक घटना में ड्राइवर और दोनों पुलिस ऑफिसर घायल हैं। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स में गोलियां चलने का दावा भी किया गया है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बैरिकेडिंग को उड़ाते हुए संदिग्ध ने दो पुलिस ऑफिसरों को टक्कर मार दी। आरोपी पुलिस फायरिंग में घायल हो गया और उसे हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, गोली लगने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। एक घायल अधिकारी को कार से अस्पताल ले जाया गया जबकि दूसरे अधिकारी को इमर्जेंसी मेडिकल क्रू जरूरत पड़ी।

घटना के बाद सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए परिसर में लॉकडाउन लगा दिया गया है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच कैपिटल परिसर के अंदर हेलिकॉप्टर के लैंड होने से सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। कुछ वीडियोज में देखा गया कैपिटल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और घायलों को ले जाने के लिए स्ट्रेचर ले जाए गए। कैपिटल की सुरक्षा इस साल की शुरुआत से ही नाजुक मुद्दा बनी हुई है। दरअसल, 6 जनवरी को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने संसद पर चढ़ाई कर दी थी और इस दौरान भारी हिंसा हो गई थी। इसमें कई पुलिसवाले और प्रदर्शनकारी घायल हो गए थे और कई लोगों की जान चली गई थी। इस घटना की दुनियाभर में निंदा हुई थी और इसे लोकतंत्र पर हमला बताया गया था। इसके बाद से कैपटिल में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही थी लेकिन ताजा घटना से एक बार फिर सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका पैदा हो गई है।