Breaking News

अब खाकी भी नहीं सुरक्षित: चलती बस में महिला पुलिस कांस्टेबल से हुई छेड़छाड़

नई दिल्ली:- द्वारका इलाके में चलती बस में महिला कॉन्स्टेबल ने जब छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी ने उसके सिर पर हेलमेट से हमला किया और फिर बस से उतरकर फरार हो गया। पीड़ित महिला कॉन्स्टेबल को इससे चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। डीसीपी संतोष कुमार मीणा ने इस मामले में पुष्टि करते हुए कहा कि द्वारका नार्थ थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार महिला ने जब छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी ने उस पर हेलमेट से हमला कर दिया घायल कर दिया। पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना की जानकारी एक दिन बाद पुलिस को मिली। महिला कॉन्स्टेबल ने पुलिस को इसके बारे में कोई जानकारी भी नहीं थी। उसके पति ने एक दिन बाद जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार 29 साल की पीड़ित द्वारका मोड़ इलाके में रहती है। इस समय उसकी तैनाती पीसीआर यूनिट में है। घटना के दिन दोपहर को वह ऑफिस जाने के लिए द्वारका मोड़ पर बस का इंतजार कर रही थीं। इस दौरान क्लस्टर बस में पीड़िता चढ़ गईं। बस चलने पर एक युवक पीड़िता से छेड़छाड़ करने लगा। जिसके बाद पीड़िता ने उसे मना किया। लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की बात की। इस बात पर युवक को इतना गुस्सा आ गया कि उसने महिला पुलिसकर्मी के सिर पर हेलमेट से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी रेटलाइट पर उतरकर फरार हो गया। आरोपी के जाने के बाद लोगों ने पीड़िता को डीडीयू अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है।