Breaking News

अफगानिस्तान में भारत ने लिया बड़ा निर्णय, मजार-ए-शरीफ में मौजूद कॉन्सुलेट को दिया ये आदेश

तालिबान की बढ़ती हिंसक गतिविधियों से अफगानिस्तान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में मौजूद कॉन्सुलेट में कार्यरत भारतीय कर्मचारियों को अब वापस बुलाने का निर्णय लिया गया है। ज्ञात हो कि अफगानिस्तान में तालिबान के बढ़ते वर्चस्व को देखते हुए भारत ने भारतीय कर्मचारियों का वापस बुलाने का फैसला लिया है। भारत के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को मजार-ए-शरीफ से षीघ्र वापस बुलाया जाएगा। अफगानिस्तान में रोज हालात बिगड़ रहे हैं। अफगानिस्तान सेना के सामने तालिबानी लड़ाकों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। बीते दो-तीन दिनों में ही तालिबान ने अफगानिस्तान के पांच प्रांत की राजधानियों पर अपना कब्जा जमा लिया है। यही कारण है कि भारत अपने अधिकारियों को लेकर कोई खतरा नहीं लेना चाहता है।

इन नंबरों पर संपर्क कर मदद ले सकते हैं…
मजार-ए-शरीफ में मौजूद भारतीय दूतावास की ओर से जानकारी दी गई है कि मंगलवार शाम को मजार-ए-शरीफ से एक स्पेशल फ्लाइट नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में जो भी भारतीय आसपास हैं, वह शाम की फ्लाइट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाए। सूचना में कहा गया है कि जिस भी भारतीय को नई दिल्ली रवाना होना है, वह तुरंत अपना पूरा नाम, पासपोर्ट नंबर और अन्य जानकारी व्हाट्सएप पर भेज दे। साथ में ये नंबर भी दिए गए हैं… 0785891303, 0785891301

ज्ञात हो कि अफगानिस्तान के कई शहरों में इस समय तालिबान का कब्जा है। राजधानी काबुल समेत कुछ अन्य स्थानों पर ही अब अफगानी सरकार सक्रिय है लेकिन तालिबान हाइवे को रोकते जा रहे हैं। एक तरफ तालिबान बातचीत बात कर रहा है लेकिन दूसरी ओर वह अफगानी सेना पर लगातार हमला भी कर रहा है।अफगानिस्तान में भारत एक अहम रोल रखता है, ऐसे में तालिबान की ओर से भारतीय लोगों पर निशाना साधा जा सकता है। यही कारण है कि भारत लगातार सतर्कता बरत रहा है। बता दें कि अफगानिस्तान में भारत के एक पत्रकार दानिश सिद्दीकी की भी तालिबानियों ने हत्या कर दी थी। इस हत्या के बाद भारतीयों नाराजगी है।