Breaking News

हैती के राष्ट्रपति मोइसी की हत्या में 26 कोलंबियाई और दो अमेरिकी शामिल, 4 हत्यारे ढेर

राष्ट्रपति जोवेनल मोइसी की उनके निजी आवास में बुधवार तड़के हुई हत्या के मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को मार गिराया है जबकि दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है। एएफपी ने पुलिस के हवाले से बताया है कि मोइसी की हत्या में 26 कोलंबियाई और दो अमेरिकी नागरिक शामलि हैंं। इस घटना के बाद इस बेहद गरीब देश में राजनीतिक व सामाजिक हालात और खराब होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच देश में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है।

हैती के राष्ट्रीय पुलिस बल के प्रमुख लेओन चार्ल्स ने बताया कि संदिग्ध बंदूकधारियों ने तीन पुलिस अधिकारियों को बंधक बना लिया था जिन्हें बुधवार रात तक मुठभेड़ के बाद मुक्त कराया गया। अंतरिम प्रधानमंत्री क्लाउड जोसेफ ने कहा कि सुरक्षा का जिम्मा पुलिस और सेना दोनों के हाथों में है। उन्होंने राष्ट्रपति की हत्या की विश्व स्तरीय जांच की अपील करते हुए कहा कि इस साल के अंत में निर्धारित चुनाव समय पर होने चाहिए।

उन्होंने बताया कि हमलावर अमेरिकी औषध प्रवर्तन एवं प्रशासन (डीईए) के एजेंट बनकर आए थे। इस हमले में मोइसे की पत्नी एवं प्रथम महिला मार्टिनी मोइसी को भी गोली लगी थी, जिनका इलाज चल रहा है।

देश में अस्थिरता और गुस्सा जारी

अमेरिका महाद्वीप के इस सबसे गरीब देश में तानाशाही का इतिहास रहा है और राजनीतिक उथल-पुथल लोकतांत्रिक शासन कायम करने में बाधा बनी है। मोइसी की हत्या देश में गहराते राजनीतिक व आर्थिक संकट तथा गुटीय हिंसा बढ़ने के बीच हुई। मोइसी के अधिकारवादी शासन से देश में निरंतर अस्थिरता एवं गुस्सा बढ़ रहा था। अब राष्ट्रपति की हत्या के बाद देश के नागरिकों में काफी गुस्सा है।

60 फीसदी आबादी की कमाई दो डॉलर प्रतिदिन से भी कम

देश की राजधानी पोर्ट ऑ प्रिंस में गुटीय हिंसा लगातार बढ़ रही है। इसका एक बड़ा कारण बढ़ती महंगाई भी है जबकि देश में 60 फीसदी आबादी सिर्फ दो डॉलर प्रतिदिन कमा पाती है। ऐसे में देश के भीतर भोजन व ईंधन की लगातार कमी होती जा रही है। बता दें कि हैती इन दिनों 2010 के विनाशकारी भूकंप और 2016 में आए तूफान ‘मैथ्यू’ से अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रपति जोवेनेल मोसे की हत्या और हैती की प्रथम महिला मार्टिन मोसे पर हमले से दुखी हूं। राष्ट्रपति मोसे के परिवार और हैती के लोगों के प्रति मेरी संवेदना