Breaking News

स्वतंत्र देव ने सपा-राजभर गठबंधन पर साधा निशाना, इन नेताओं ने थामा BJP का साथ

विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेज होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इससे पहले भारतीय मानव समाज पार्टी के केवट रामधनी बिंद, शोषित समाज पार्टी मुसहर नेता बाबूलाल राजभर, मानव हित पार्टी कृष्ण गोपाल कश्यप, भारतीय सुहेलदेव जनता पार्टी भीम सिंह, भारतीय समता समाज पार्टी महेंद्र प्रताप भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा और संगठन की तारीफ करते हुए कहा कि बेटियों और महिलाओं का सम्मान बीजेपी सरकार में है। भाजपा शासन से पहले विपक्षी दलों में महिलाओं सुरक्षित नहीं थीं।

उन्होंने कहा कि जनता समझदार है, सब दिखाई दे रहा है। जनता का निर्णय सभी को मानना पड़ता है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल पहले श्रीराम को गाली देते थे। बोलते थे श्रीराम का अस्तित्व नहीं है। अब वह सत्ता के लिए मतों के लिए राम मंदिर में जाकर मत्था टेक रहे हैं। स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति विकास और सम्मान के नाम पर वोट देगा, जाति के नाम पर नहीं। उत्तर प्रदेश का मतदाता अब जागरूक हो चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्षी कुछ भी कर लें होने वाला कुछ नहीं है।

अखिलेश राजभर गठबंधन पर साधा निशाना

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति स्वतंत्र है जिससे चाहे गठबंधन करे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का राजभर का कोई रिश्ता नहीं है। उन्होंने राजभत मतदाताओं को याद दिलाया कि सपा ने हमेशा राजभर का शोषण किया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कभी देवरहा बाबा के नाम से कोई अस्पताल कभी कांग्रेस ने बनाया? जितने भी चीजें बनी सिर्फ कांग्रेस के 2 से 3 लोगों के नाम पर ही बनी।