Breaking News

वुहान की तर्ज पर मुंबई में बन रहा कोरोना हॉस्पिटल, महज 15 दिन में तैयार करने का है लक्ष्य

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर जारी है। लॉकडाउन के बावजूद मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। कोरोना की महामारी से सर्वाधिक प्रभावित इस सूबे में मरीजों की तादाद 23000 के पार पहुंच चुकी है, जबकि अब तक 860 से अधिक लोग इस बीमारी के कारण जान गंवा चुके हैं। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ही 14500 से अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हैं। अब तक 528 लोगों की मौत हो चुकी है।

mumbai covid hospital

इसे देखते हुए अब मुंबई में वुहान की तर्ज पर अस्पताल बनाया जा रहा है। बीकेसी मैदान में 28 अप्रैल से बनाए जा रहे अस्पताल को 15 दिन में (14 मई से पहले) चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कहा जा रहा है कि आवश्यकता पड़ने पर 1000 की बेड के इस अस्पताल की क्षमता में 5000 बेड तक का इजाफा किया जा सकता है।

अस्पताल निर्माण की जिम्मेदारी मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डिवेलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) को दी गई है। अस्पताल निर्माण का काम 28 अप्रैल को शुरू हुआ है और अगले कुछ दिनों में यह तैयार हो जाएगा। यह अस्पताल ऐसे कोरोना मरीजों के लिए तैयार किया जा रहा है, जिनकी हालत गंभीर नहीं होगी।

mumbai covid 19 hospital

इस स्थान पर अक्सर राजनीति रैलियां, सांस्कृतिक-सामाजिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियों का आयोजन होता था। कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ सरकार ने यहां अस्थायी अस्पताल निर्माण का फैसला किया। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। खुद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी इसका जायजा लिया था।

यहां पैथोलॉजी लैब, ऑक्सिजन फैसिलटी और डॉक्टर व नर्सों के लिए केबिन भी तैयार किए जा रहे हैं। यहां मरीजों को क्वारंटाइन, आइसोलेशन में रखने के साथ इलाज की सुविधा होगी।