Breaking News

यूपी-दिल्ली समेत इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

तपन और गर्मी से परेशान दिल्ली और उत्तर भारत के लोगों को अब राहत मिल सकती है। यहां के अधिकतर हिस्सों में मानसून एक दिन के अंदर एक्टिव होने की संभावना है। ऐसा इसलिए है क्योंकि पूर्वी हवाओं ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बना दी हैं और एक दिन के अंदर ही दिल्ली, हरियाणा व पंजाब समेत उत्तर भारत के हिस्सों में बादल छाने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने बताया अगले 5 दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत में जमकर बारिश होगी। अनुमान के अनुसार 10-13 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, गिलगिट बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भारी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, 11-13 जुलाई के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जमकर बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान स्थितियां दिल्ली, पश्चिमी यूपी के शेष हिस्सों और पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान के कुछ और हिस्सों के ऊपर दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बनी रहेंगी। उन्होंने आगे बताया अगले 48 घंटों के दौरान भारत के शेष हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के और आगे बढ़ने के लिए भी उचित स्थितियां बन रही हैं।

दिल्ली समेत इन राज्यों में मानसून दे सकता है दस्तक

मौसम विभाग ने बताया मानसून के दिल्ली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब, हरियाणा व राजस्थान के कुछ हिस्सों में 11 जुलाई को पहुंचने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में यह 12 जुलाई को मानसून पहुंच सकता है।

आज बारिश की चेतावनी

स्काईमेट वेदर की मानें तो आज केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मराठवाड़ा, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर पूर्व भारत और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर जमकर बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, यूपी के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा और दिल्ली में मध्यम बारिश की संभावना है। आंतरिक तमिलनाडु, लक्षद्वीप, आंतरिक उड़ीसा और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।