Breaking News

प्रियंका ने जारी की विधानसभा चुनाव की पहली सूची, उन्नाव रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट

विधानसभा चुनाव से पहले जहां भारतीय जनता पार्टी में भगदड़ मची हुई है तो सपा में नेताओं आगमन तेज हो गया हैं। इस बीच भाजपा ने कई विधायकों को सदस्यता दिला कर बदला ले लिया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पहली सूची जारी कर दी है। प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी की है। बताया जा रहा है कि इस सूची में 125 उम्मीदवार हैं, जिसमें 50 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। प्रियंका गांधी ने सूची जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों में महिलाओं के साथ-साथ कुछ पत्रकार और समाज सेवी भी शामिल हैं।


कांग्रेस के नेता सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद तो टिकट मिला है। उन्नाव से कांग्रेस ने आशा सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा एनआरसी सीएए के खिलाफ आंदोलन करने वालीं सदफ जाफर को उम्मीदवार बनाया गया है। पूनम पांडेय को टिकट दिया गया है जो आशा वर्कर हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी।

प्रियंका ने दिया ये संदेश

कांग्रेस की सूची जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। यह संघर्ष स्वयं के साथ समाज के लिए भी होगा। जिस सत्ता के जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।

सोनभद्र कांड के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। आशा बहनों में से एक पूनम पांडेय को भी उम्मीदवार बनाया गया। प्रियंका ने कहा कि कोरोना में बहुत काम करने के बावजूद आशा बहनों को पीटा गया था। सदफ के बारे में कहा गया कि सीएए-एनआरसी के समय संघर्ष करने की वजह से सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हें प्रताड़ित किया था। ऐसे कार्यकर्ता को भी उसका सम्मान होना चाहिए।
यूपी में कुल 403 सीटें हैं जहां सात चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन चरणों के तहत 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। चुनाव परिणा 10 मार्च को पंजाब, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा के साथ आएंगे।