Breaking News

गोंडा: गूगल गर्ल के नाम से मशहूर अंशिका मिश्रा को एक और सम्मान से नवाजा गया

गोंडा की गूगल गर्ल के नाम से मशहूर, विलक्षण प्रतिभा की धनी अंशिका मिश्रा को एक और सम्मान से नवाजा गया है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा पांच की छात्रा अंशिका इस बार ग्लोबल शांति सम्मान से सम्मानित की गई है । यह सम्मान समारोह 18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित किया जाना था लेकिन कोरोना की वजह से कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सका था। ग्लोबल शांति सम्मान का मेडल मोमेंटो व प्रमाण पत्र अंशिका को डाक द्वारा प्राप्त हुआ है।

बिटिया की उपलब्धियों पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा के साथ ही क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। 9 साल की नन्ही अंशिका शिक्षा क्षेत्र इटियाथोक के बहुचर्चित प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में कक्षा पांच की छात्रा है। अंशिका मिश्रा पहली बार उस समय चर्चा में आयी थी जब इन्होंने भारत के सभी जिलों का नाम 6 मिनट 26 सेकंड में सुना कर अपना नाम इण्डिया बुक आफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया था तब से लेकर अब तक बेटी के नाम कई बड़ी उपलब्धियां जुड़ चुकी है।

जिसमें से प्रमुख रूप से एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड,वन्डर बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, चैंपियन वर्ल्ड रिकॉर्ड, इण्डिया स्टार आईकान 2019, इण्डिया शाइनिंग एडवार्ड 2020 (दिल्ली), अन्तर्राष्ट्रीय श्रेष्ठता पुरस्कार 2020(मुम्बई),यूपी गौरव रत्न एवार्ड2020 (लखनऊ)है। यही नहीं अंशिका ने भारत के सभी जिलों के नाम के अलावा स्वतंत्रता से लेकर अब तक के भारत के राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विश्व में छोटा-बडा़ , विश्व में प्रथम, एशिया महाद्वीप के देश, राजधानी, मुद्रा व क्षेत्रफल, भारतीय संविधान के समस्त अनुच्छेद, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण दिवसों को कंठस्थ कर रखा है।