Breaking News

कोरोना की दूसरी लहर ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, एक दिन में आए 1.15 लाख से ज्यादा नए मामले

भारत में कोरोना वायरस (coronavirus) की दूसरी लहर से सभी लोग परेशान हैं। कोरोना ने पूरी दुनिया में कहर ढा रखा है। भारत में कोरोना (corona) ने मंगलवार को अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। ताजा आंकड़ों के अनुसार एक दिन में कोरोना के 1,15,239 नए केस दर्ज किए गए हैं। कोरोना की शुरुआत से अब तक रोजाना मिलने वाले नए मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले रविवार को एक दिन में एक लाख से ज्यादा नए मामले आये थे।

रविवार को 1,03,764 नए मामले आए थे जो अब तक की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। कोरोना वायरस की पहली लहर में एक दिन में मिले नए संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या 97,894 थी जिसे 17 सितंबर 2020 को दर्ज किया गया था। इस दौरान 630 और कोरोना मरीजों की मौत के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,66,207 हो गई। आंकड़ों के मुताबिक भारत में नए केसों में बढ़ोतरी के साथ उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 8,38,650 हो गई, जो कुल केसों का 6.5 प्रतिशत है। भारत में 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 मरीजों का इलाज चल रहा था। जोकि उस वक्त के कुल केसों का 1.25 प्रतिशत थे।

71 फीसदी से ज्यादा मौतें सिर्फ चार राज्यों में
कोरोना वायरस से 24 घंटों के दौरा हुई कुल 630 मौतों में से 71 फीसदी से ज्यादा मौतें सिर्फ चार राज्यों में हुई हैं। महाराष्ट्र में 297, पंजाब में 61, छत्तीसगढ़ में 53 और कर्नाटक में 39 कोरोना मरीजों ने अपनी जान गंवा दी।

पांच राज्यों में 74 फीसदी उपचाराधीन मरीज
राज्य            एक्टिव केस
महाराष्ट्र         472283
छत्तीसगढ़       52445
कर्नाटक         45107
केरल            29960
पंजाब           25913

25 करोड़ से ज्यादा जांच
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक भारत में 5 अप्रैल तक 25,02,31,269 नमूनों की कोरोना संबंधी जांच की गई। इनमें से सोमवार को 12,11,612 नमूनों की जांच गई थी।

महाराष्ट्र में 55,469 नए केस
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 55,469 नए केस सामने आए जिसके बाद कुल केस बढ़कर 31,13,354 हो गए। कोरोना से 297 और रोगियों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या 56,330 पर पहुंच गई। कर्नाटक में 6150, उत्तर प्रदेश में 5895, केरल में 3502 और दिल्ली में 5100 नए कोरोना केस मिले।