Breaking News

UP के इस ब्लाॅक में पति है सफाईकर्मी और पत्नी चुनाव जीत कर बन गयी ब्लाॅक प्रमुख

भारतीय लोकतंत्र कतार के अंतिम व्यक्ति को भी नेतृत्व का अवसर प्रदान करता है। यही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की कामयाबी भी है। इसका प्रमाण सहारनपुर के बलियाखेड़ी ब्लॉक में कार्यरत सफाईकर्मी सुनील कुमार और उनकी पत्नी सोनिया हैं। सोनिया और सुनील ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस ब्लॉक क्षेत्र में वह रोज सफाई करते हैं। एक दिन उनकी धर्मपत्नी सोनिया वहीं ब्लॉक प्रमुख बन जाएंगी। यह उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

चुनाव के बाद निर्वाचित होने पर अब सोनिया भाजपा से ब्लॉक प्रमुख का दायित्व संभाल चुकी हैं। सोनिया के पति सुनील कई सालों से बलियाखेड़ी ब्लॉक में सफाई कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी सोनिया सामान्य गृहिणी हैं। बीए पास पत्नी सोनिया को सुनील ने बीडीसी का चुनाव लड़वा दिया। हाल ही में सम्पन्न हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सफाईकर्मी सुनील की पत्नी सोनिया निर्विरोध रूप से भाजपा समर्थित ब्लॉक प्रमुख बन गई हैं।

soniya

पहले जीतीं बीडीसी चुनाव, फिर बनीं ब्लॉक प्रमुख
गांव नल्हेडा गुर्जर निवासी सुनील कुमार विकासखंड बलियाखेड़ी में सफाई कर्मचारी के पद पर अपने ही गांव में कार्यरत हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव घोषित हुए तो बीडीसी की सीट आरक्षण के चलते अनुसूचित जाति वर्ग में आरक्षित हो गई। आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा। गांव वालों के कहने पर सुनील कुमार ने बीडीसी सदस्य के लिए अपनी पत्नी सोनिया को वार्ड 55 से चुनाव लड़ा दिया। बीडीसी चुनाव में सोनिया को जीत हासिल हुई। ब्लॉक प्रमुख पद भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुआ तो एक भाजपा नेता ने पढ़ी लिखी सोनिया को भाजपा की ओर से ब्लॉक प्रमुख पद का प्रत्याशी बनवा दिया। नामांकन करने के साथ ही 26 वर्षीय सोनिया निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हो गईं। सोनिया के निर्वाचित होने के साथ ही एक नई इबारत शुरू हो गयी।

घर तो पति के तनख्वाह से ही चलेगा
अब ब्लॉक प्रमुख सोनिया कहती हैं कि चुनाव में पति सुनील कुमार और परिवार का सहयोग रहा है। ब्लॉक प्रमुख के नाते वह गांवों के विकास के लिए काम करेंगी। सोनिया के पति काम करते रहेंगे क्योंकि घर तो उनके ही तनख्वाह से ही चलता है। उनके पति ने भी निर्णय लिया है कि वह नौकरी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख का पद तो पांच साल का है लेकिन नौकरी पूरे 60 साल की है। नौकरी एक जिम्मेदारी है।