Breaking News

झांकी में हमारे मुख्यमंत्रियों की तस्वीरें नहीं थीं, जाखड़ लोगों से माफी मांगें : कंग

गणतंत्र दिवस के लिये भेजी गयी पंजाब की झांकी में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की तस्वीरें होने को लेकर झूठ बोलने पर आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने एक बार फिर भाजपा पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर हमला बोला है। शनिवार को चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में आप प्रवक्ता गोविंदर मित्तल के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने सवाल करते हुये कहा कि सुनील जाखड़ को फालतू बातों के बारे में बात करने के बजाय यह बताना चाहिये कि उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की तस्वीरों के बारे में झूठ क्यों बोला।

कंग ने कहा कि पंजाब के इतिहास और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली हमारी झांकियों को केंद्र की भाजपा सरकार ने खारिज कर दिया। ऐसे वक्त में पंजाब के लिये स्टैंड लेने के बजाय भाजपा के पंजाब अध्यक्ष ने राज्य सरकार को बदनाम करने के लिये झूठ फैलाने का रास्ता चुना। अपने झूठ के माध्यम से सुनील जाखड़ ने पंजाब, पंजाबी, पंजाबियत और पंजाब की समृद्ध संस्कृति और इतिहास का अपमान किया है। उन्हाेंने कहा कि अब भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि 26 जनवरी की परेड के लिये पंजाब की झांकी का जो कांसेप्ट केंद्र सरकार को भेजी गयी थी, उसमें अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की तस्वीरें नहीं थीं।

इसलिये अब सुनील जाखड़ को पंजाब के शहीदों और समृद्ध विरासत का अपमान करने के लिये पंजाब के लोगों से तुरंत माफी मांगनी चाहिये या अगर वह अपने बयान पर कायम हैं तो उन्हें तस्वीरों का सबूत देना चाहिये। कंग ने कहा कि भाजपा लगातार पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है। इस बार उन्होंने हमारे शहीदों और उनके महान बलिदानों का अपमान किया है। जाखड़ ने लेकिन पंजाब के पक्ष में स्टैंड लेने के बजाय झूठ बोलना उचित समझा। अब उनका झूठ पकड़ा गया है, फिर भी वह पंजाब के लोगों से माफी नहीं मांग रहे हैं।