Breaking News

मणिपुर में छह ड्रग तस्कर और पोस्त की खेती करने वाले चार लोग पकड़े, दो उग्रवादी भी किए गए गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षा बल लगातार नशा तस्करों और उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को छह ड्रग तस्कर, पोस्त की खेती करने वाले चार लोगों को पकड़ा। इसके साथ ही दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।

कांगपोकपी जिले में छह ड्रग तस्करों और चार पोस्त की खेती करने वालों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि ड्रग तस्करों की पहचान खैखाओ किपगेन उर्फ जॉन (40), लेटगौमांग टौथांग उर्फ अमोन (33), आबी बराल (28), जितेन खरका (22), एल एच रानीरौ (42) और लिआ चाओ (44) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 174 साबुन के डिब्बों में छिपाया गया ब्राउन शुगर और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया।

वहीं कांगपोकपी जिले के सोंगजांग गांव में अवैध पोस्त की खेती में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जांगगौलेन किपगेन (41), लेटगिनलाल किपगेन (41), कामगिनलेन किपगेन (25) और थांगमिनलेन किपगेन (34) के रूप में हुई।

उधर दो जिलों में प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी संगठन से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने रविवार को जिरीबाम जिले के निंगसिंगखुल से थोइदम सुरेश सिंह उर्फ लेम्बा (34) नामक उग्रवादी को गिरफ्तार किया। संगठन के एक अन्य उग्रवादी की पहचान सलाम मालेमंगनबा सिंह उर्फ वांगलेन (23) के रूप में हुई। उसे शनिवार को बिष्णुपुर जिले के उपोकपी से पकड़ा गया।