अबोहर : डी.आई.जी. फिरोजपुर रेंज स्वपन शर्मा आई.पी.एस. ने आज अबोहर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां के सदर थाने का निरीक्षण किया और स्टाफ के साथ बैठक कर विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस अवसर पर फाजिल्का के एस.एस.पी. वरिंदर सिंह बराड़ विशेष रूप से उनके साथ उपस्थित थे।
इस मौके पर स्वपन शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार डी.जी.पी. गौरव यादव आई.पी.एस. के नेतृत्व में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ युद्ध अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए बड़ी मुहिम शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा सप्लाई चेन को तोड़ा जा रहा है तथा इस कार्य में जनता का भी प्रमुख योगदान मिल रहा है। इस मौके पर एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पुलिस गश्त और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप अधिक लोग इलाज के लिए नशा मुक्ती केंद्रों में आ रहे हैं।
इस मौके पर उन्होंने पुलिस थाने की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा कहा कि यहां काम के लिए आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाई जा रही है ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।