Breaking News

पंजाब को मिला नया राज्यपाल, पढ़िए पुरोहित के बाद अब किसके हाथ कमान

पंजाब सरकार ने लगातार विवादों में रहे प्रदेश के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा मंजूर करके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया है। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद अब गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह राजस्थान उदयपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले गुलाबचंद असम के राज्यपाल थे।

बता दें कि इनसे पहले बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब के 29वें गवर्नर के तौर पर अगस्त 2021 में कार्यभार संभाला था और इसके साथ ही उनके पास चंडीगढ़ यूटी के प्रशासक का पद भी था। हालांकि राज्यपाल के तौर पर बनवारी लाल पुरोहित का कार्यकाल विवादों में घिरा रहा है। उनका बार्डर के एरिया में किया गया दौरा भी लगातार विवादों में है। यह भी कहा जाता है कि उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि मुख्यमंत्री मान उनसे मिलते ही नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि बनवारी लाल पुरोहित ने निजी कारणों से इस वर्ष तीन फरवरी को इस्तीफा दिया था, जिसे अब स्वीकार किया गया है। वह 2017 से 2021 तक तमिलनाडु के राज्यपाल रहे। इससे पहले 2016 से 2017 तक वे असम के गवर्नर भी रहे। पुरोहित भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। वह तीन बार नागपुर से सांसद रह चुके हैं। पुरोहित का जन्म 16 अप्रैल, 1940 में राजस्थान में हुआ था।