Breaking News

Modi 3.0: गिरिराज सिंह, भूपेंद्र यादव समेत इन मंत्रियों ने संभाला पदभार, जानें किसे क्या जिम्मेदारी मिली

तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम को अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया। मोदी ने अपने पुराने सिपहसालारों पर भरोसा करते हुए मंत्रिमंडल में किसी बड़े बदलाव से गुरेज किया है। उन्होंने अमित शाह, राजनाथ सिंह, एस जयशंकर और अश्विनी वैष्णव समेत कई मंत्रियों पर फिर से विश्वास जताया है। वहीं, कुछ मंत्रालय में बदलाव भी किया है। आइए जानते हैं किसने कौन से मंत्रालय का पदभार संभाला।

भूपेंद्र यादव को मिली फिर वही जिम्मेदारी
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर पीएम मोदी ने दूसरी बार भरोसा दिखाया। उन्हें फिर से पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सौंपा गया। उन्होंने आज सुबह पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया।

देश में ग्रीन इकोनॉमी को आगे बढ़ाने पर काम
इस मौके पर भूपेंद्र यादव ने पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘मैं नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं कि मुझे फिर से इस मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। इस मंत्रालय द्वारा कई अहम कदम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए हैं और हम पर्यावरण व विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मिशन लाइफ की शुरुआत पीएम मोदी ने ग्लासगो कॉप में दुनिया में पर्यावरण संकट के लिए एक बहुत बड़े एक्शन प्रोग्राम के रूप में की थी। पीएम मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को हमारी पृथ्वी को हरा-भरा रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। देश में जो ग्रीन इकोनॉमी है उसे आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। इसके साथ ही हम कई महत्वपूर्ण काम आगे करेंगे।’

किसे मिला पर्यावरण मंत्रालय?
कीर्तिवर्धन सिंह ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।

गिरिराज सिंह ने कपड़ा मंत्रालय का कार्यभार संभाला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कपड़ा मंत्रालय के रूप में पदभार संभाला। साथ ही पबित्रा मार्गेरिटा ने कपड़ा मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इस दौरान पूर्व कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। सिंह ने कहा, ‘टेक्सटाइल ऐसा सेक्टर है जहां सबसे ज्यादा नौकरी आती है। आज दुनिया में भी हमारा निर्यात का अच्छा शेयर है। टेक्सटाइल आने वालों दिनों में देश के आकांक्षाओं के अनुरूप आगे जाएगा।’

बिजली मंत्रालय की किसे मिली जिम्मेदारी?
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बिजली मंत्री का पदभार संभाला।

सुरेश गोपी ने पदभार संभाला
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के राज्य मंत्री का पदभार संभाला। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित रहे। सुरेश गोपी ने कहा, ‘यह मंत्रालय मेरे लिए नया है, मुझे इस मंत्रालय की उम्मीद नहीं थी, इसलिए यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझे निश्चित रूप से उन संभावनाओं पर गौर करना होगा, जिस पर प्रधानमंत्री मुझसे आशा कर रहे हैं।’