किसी भी रिश्ते में जलन की भावना होना स्वाभाविक है लेकिन अगर यह भावना हद से ज्यादा बढ़ जाए तो इसकी वजह से रिश्ता खतरे (Jealousy Destroys Relationships) में आ सकता है। इतना ही नहीं इसकी वजह से मेंटल हेल्थ को भी नुकसान होने लगता है और यह कई मामलों में जानलेवा भी साबित हो सकती है। ऐसे में समय रहते इसकी पहचान करना बेहद जरूरी है।
पेट या सीने की जलन तो आम बात है और इसे खत्म करने के लिए कई सारे उपाय मौजूद है, लेकिन जब बात जलन की भावना की आती है, तो यह काफी जटिल हो जाता है। इसमें शक, गुस्सा, डर, अपमान जैसे भाव आते हैं। किसी भी उम्र, जेंडर वाले इंसान को जलन महसूस हो सकती है। आए दिन इस तरह की खबरें सुर्खियां बटोरती हैं कि जलन की भावना ने जान ले ली। साइकोलॉजिस्ट इसकी जल्द से जल्द पहचान कर सही उपचार की बात करते हैं।
सिर्फ रोमांटिक रिश्तों में ही नहीं है जलन
जलन को अक्सर रोमांटिक रिश्तों से ही जोड़कर देखा जाता है कि कोई भी व्यक्ति अपने पुराने गर्लफ्रेंड\बॉयफ्रेंड को सोशल मीडिया पर किसी दूसरे के साथ देख नहीं सकता। हालांकि, यह पूरी तरह सच नहीं है। ये जलन सिर्फ इसी रिश्ते में नहीं, बल्कि सभी इंसानी रिश्तों में देखी जा सकती है। अपने ही भाई-बहन को पेरेंट्स का ज्यादा अटेंशन मिलता देख जलन होती है।
अगर ऑफिस में आपका साथी बॉस को इम्प्रेस करने की कोशिश कर रहा हो, तो भी जलन महसूस होती है। ये जलन बेहद ही दर्द देने वाला अनुभव है। आज के दौर में एक्सपर्ट्स भी इस भावना को दबा देने वाली श्रेणी में नहीं रखते। वे इसे खतरे की घंटी तरह मानते हैं। उनका मानना है कि ये किसी रिश्ते को खतरे में डाल सकती है।
क्या है इसकी वजह
रिसर्च में ये बात सामने आई है कि बहुत ज्यादा जलन का मुख्य कारण आत्मविश्वास का कम होना, मानसिक समस्या और किसी पर ज्यादा हक जमाने की भावना, हो सकता है।
आक्रामक बना सकती है
जलन की वजह से आपका व्यवहार बेहद आक्रामक हो सकता है। ये भावना किसी को दूसरों की बातचीत, चैट, रिश्तों और उसके आने-जाने के समय पर कुछ ज्यादा ही निगरानी रखने के लिए मजबूर कर सकती है।
पता ही नहीं चलता
जो लोग इस भावना के शिकार हैं, उन्हें इसका पता भी नहीं होता। उन्हें डर रहता है कि कोई और उनकी जगह ले लेगा या उन्हें जज किए जाने का डर सताता रहता है।
समस्या की जड़ में छुपा है इलाज
जलन की भावना को समझने और उसे दूर करने के लिए सबसे पहले इसकी वजह की जड़ों तक पहुंचना जरूरी है। जलन की भावना के मुख्य कारणों को जानकर हम उसे बेहतर तरीके से मैनेज करने के बारे में सोच सकते हैं।
हमें सबसे पहले जलन को लेकर मानसिकता को बदलने और इसे भावनात्मक असुरक्षा के रूप में देखने की जरूरत है। इस असुरक्षा के कई कारण हो सकते हैं और आपकी मेंटल हेल्थ पर बेहद गंभीर असर डाल सकते हैं।
अपनी असुरक्षाओं को जानकर अपने इमोशन को मैनेज करना इसका सबसे हेल्दी तरीका है। सबसे पहले तो अपने आप से ही ये सवाल करें कि आप ऐसा क्यों महसूस कर रहे हैं। ऐसा करते हुए आप अपनी भावनाओं को स्पष्ट रूप से जान पाएंगे और समस्या को दूर कर पाएंगे।
जानवरों को भी होती है जलन
कई साक्ष्य बताते हैं कि जो जानवर एक-दूसरे से या इंसानों से करीबी रिश्ता बनाते हैं- जैसे डॉग्स या स्तनपायी जानवरों में जलन की भावना हो सकती है। इंसानों की तरह ही जानवरों में भी जलन को ट्रिगर करने वाली परिस्थितियां या उसकी मात्रा अलग-अलग हो सकती है।