Breaking News

झारखंड चुनावः BJP ने पहले चरण के लिए जारी की 40 स्टार प्रचारक की सूची, मोदी-शाह समेत ये दिग्गज शामिल

झारखंड विधानसभा का चुनाव (Jharkhand assembly elections) का दो चरणों में होगा। ऐसे में पहले चरण के लिए बीजेपी (BJP) ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (Union Minister JP Nadda), अमित शाह (Amit Shah), राजनाथ सिंह (Rajnath Singh), नितिन गडकरी (Nitin Gadkari), शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan), असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत 40 दिग्गज शामिल हैं। पहले चरण का चुनाव 13 नवंबर को होना है।

स्टार प्रचारकों की इस लिस्ट में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, स्मृति ईरानी और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत कई बड़े नेता शामिल हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होगा तथा मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

इससे पहले चंपाई सोरेन, आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और अन्य ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। चंपाई सोरेन ने सरायकेला से भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य के 43 विधानसभा क्षेत्रों में 13 नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा जिनमें सरायकेला भी शामिल है। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 अक्टूबर को शुरू हुई थी और यह 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी।

झामुमो नेताओं द्वारा अपमानित किए जाने का दावा करते हुए 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए सोरेन ने कहा किया कि राज्य में भाजपा के पक्ष में लहर है। उन्होंने कहा, कोल्हान क्षेत्र के साथ-साथ पूरे झारखंड में भाजपा के पक्ष में लहर है। भाजपा इस बार सभी 81 सीट जीतेगी और सरकार बनाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में आदिवासियों की आबादी कम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया, झारखंड की मौजूदा सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोकने के लिए कभी काम नहीं किया।