जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के एक गांव में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कुछ देर गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान शुरू किया था, जिसके बाद सुरनकोट के लसाना गांव में सोमवार रात को गोलीबारी की यह घटना हुई।
सेना की जम्मू स्थित ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कल रात सुरनकोट के लसाना में पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों का आतंकवादियों से आमना सामना हुआ।
अभियान में अतिरिक्त जवानों को शामिल किया गया है और आतंकवादियों को भागने से रोकने के लिए तलाश अभियान जारी है।’’ अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया।