Breaking News

शरीर में पानी की कमी नहीं होने देगी ककड़ी

गर्मियों में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है। तेज धूप के कारण हमारे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। ऐसे में उन चीजों को खाने की सलाह दी जाती है ज‍िससे शरीर में पानी की कमी न हो। साथ ही गर्मी से भी बचा जा सके। अगर आप भी अपनी डाइट के लिए ऐसा ही कोई फूड आइटम ढूंढ रहे हैं, तो ककड़ी एक बढ़िया ऑप्‍शन होगा। पानी से भरपूर ककड़ी में विटामिन ए, सी, के, पोटेशियम, फाइबर जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं।

ये आपको कई तरह से फायदा भी पहुंचाते हैं। अगर आप भी इनके फायदों से अनजान हैं तो हमारा ये लेख आपके ल‍िए ही है। आज हम आपको बताएंगे ककड़ी से होने वाले कुछ बेहतरीन फायदों के बारे में। ये भी जानेंगे क‍ि क‍िन लोगों के ल‍िए ककड़ी वरदान है। आइए इनके फायदों के बारे में जानते हैं व‍िस्‍तार से-

हाई बीपी के मरीजों के लिए कारगर

हाई ब्लड प्रेशर की समस्‍या आजकल आम हो गई है। गर्मी में यह समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है। ककड़ी में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है। इसके अलावा ये द‍िल काे भी दुरुस्‍त रखता है। ककड़ी उन्‍हें जरूर खानी चाह‍िए ज‍िन्‍हें हाई बीपी की समस्या है।

डिहाइड्रेशन से भी बचाए

गर्मी के दिनों में डिहाइड्रेशन की गंभीर समस्या हो सकती है। इससे चक्कर आना, सिरदर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है।ऐसे में ककड़ी आपके शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है। इसमें लगभग 96% पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखता है और ऊर्जा बनाए रखने में सहायक होता है।

वजन कम करने में मददगार

अगर आप आसान तरीके से अपना वजन कम करना चाहते हैं, तो इसके लिए ककड़ी का सेवन जरूर करें। इसमें बेहद कम कैलोरी पाई जाती है। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर लंबे समय तक आपका पेट भरा रखता है, जिससे आपको भूख नहीं लगती और आप ज्यादा खाने से बचे रहते हैं।

कोलेस्ट्रॉल करे कंट्रोल

ककड़ी खाने से आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल भी नियंत्रित रहता है। दरअसल, इसमें मौजूद स्टेरॉल नामक तत्व शरीर में कोलेस्ट्रोल का सही स्तर बनाए रखने में मदद करता है।

पाचन को रखे दुरुस्‍त

अगर आपको डाइजेशन की समस्‍या होती है तो गर्मी में आपको ककड़ी जरूर खानी चाह‍िए। इसमें मौजूद फाइबर पेट की समस्याओं को दूर करते हैं। यह कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी परेशानियों को कम करने में कारगर है। गर्मियों में पेट को ठंडक देने के लिए ककड़ी को दही के साथ मिलाकर खाना भी अच्छा विकल्प हो सकता है।

किडनी को रखे स्वस्थ

ककड़ी में पाया जाने वाला भरपूर मात्रा में पानी हमारी सेहत के लिए काफी गुणकारी होता है। यह पोटेशियम के साथ मिलकर यूरिक एसिड और सभी विषाक्त पदार्थों को शरीर में बाहर निकाल देता है, जिससे किडनी स्वस्थ रहती है और पथरी आदि समस्याएं नहीं होती।

ककड़ी खाने के अन्य फायदे

त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाती है।
शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करती है।
इम्युनिटी मजबूत बनाती है और इंफेक्शन से बचाव करती है।
आंखों की जलन और सूजन को कम करने में मददगार है।

कैसे डाइट में शाम‍िल करें ककड़ी?

ककड़ी को आप सलाद की तरह भी खा सकते हैं। इसके अलावा आप इसे नींबू, काला नमक और पुदीने के साथ मिलाकर भी खा सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। इसका जूस बनाकर भी प‍िया जा सकता है।