Breaking News

आधार कार्ड में न करें यह गलती, वरना मुश्किल में जाएंगे फंस

बैंक एकाउंट्स खुलवाने, इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने, बच्चे का एडमिशन कराने समेत कई जरूरी कार्यों में आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। इसीलिए ये जरूरी हो जाता है कि आप अपने आधार कार्ड में मौजूद हर डिटेल को अपडेट रखें, ऐसा नहीं करने पर आपको हर्जाना देना पड़ सकता है साथ ही आपके कई जरूरी काम भी अटक सकते हैं। इसके साथ ही अगर आपके पास एक से अधिक आधार नम्बर हैं तो आप बुरी तरह फंस सकते हैं। ऐसे में अगर आपके आधार में नाम, पता, जन्म की तारीख या जेंडर से जुड़ी डिटेल्स गलत लिखी गई है तो आप उसे तुरंत ठीक करा लें। नहीं कराने पर आपको भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर आज हम आपको बता रहे हैं कि कैसे आप घर बैठे अपने आधार कार्ड में हुई गलतियों को सुधार सकते हैं, या अपने आधार में मौजूद पुरानी जानकारियों को अपडेट कर सकते हैं।

आधार कार्ड को ऑनलाइन अपडेट करने के लिए अपने उस मोबाइल नम्बर को अपने पास रखें जिससे आपका आधार लिंक्‍ड है, क्योंकि अपडेशन के दौरान मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। गौरतलब है कि आप अपने नाम, पता, जेंडर (लिंग), जन्म तारीख, मोबाइल नंबर और ईमेल एड्रेस को ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं। अन्य बदलाव के लिए आपको आधार इनरोलमेंट सेंटर जाना होगा। आधार में बदलाव करने की प्रक्रिया में सबसे पहले आधार के सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल पर जाएं। यहां अपना आधार नंबर लिखें। इसके बाद आपको रजिस्टर किए हुए मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड मिलेगा। इसके बाद ओटीपी डालकर लॉग इन कर अपडेट पोर्टल पर जाएं। इसके बाद ऊपर दिए गए बटन ‘डेटा अपडेट रिक्वेस्ट’ पर क्लिक करें।

 

इसके बाद आप उस विकल्प को चुनें जिसे सुधारना चाहते हैं। आप चाहें तो सारे विकल्प को अपडेट कर सकते हैं। विकल्प चुनने के बाद आधार अपडेट फॉर्म खुल जाएगा। यहां पर आप अपनी ज़रूरत के हिसाब से जानकारी में बदलाव कर सकते हैं। यहां पर नाम और पते की जानकारी अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी अपडेट होगी। इसके बाद अपनी दी गई नई जानकारी को दोबारा जांच कर लें। जांच पूरी हो जाने के बाद सबमिट अपडेट रिक्वेस्ट पर क्लिक करें। आप जिस जानकारी में बदलाव करना चाहते हैं, उससे सम्बन्धित कागजात भी आपको देने होंगे।

ईमेल आईडी, मोबाइल नम्बर और जेंडर (लिंग) में बदलाव करने के लिए किसी कागजाज की जरूरत नहीं है, लेकिन नाम, जन्म तिथि और पते में बदलाव के लिए आपको इससे संबंधित डॉक्यूमेंट देने होंगे। ये डॉक्यूमेंट मान्य हैं-पासपोर्ट, पैन कार्ड, राशन, पीडीएस फोटो कार्ड, वोटर आईडी और ड्राइविंग लाइसेंस आदि। जानकारी अपडेट करने के बाद आपको इसे सबमिट करना होगा। इसके बाद आपके पास अपडेट रिक्वेस्ट नंबर आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा।