Breaking News

विस्तार के बाद पहली बार बनी सबसे युवा कैबिनेट, यह सांसद है सबसे कम उम्र का मंत्री

बुधवार शाम केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया। राष्ट्रपति ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। फेरबदल और विस्तार के बाद नई मंत्रिपरिषद की औसत उम्र 61 वर्ष से घट कर 58 वर्ष हो गई है। इस नये मंत्रिपरिषद में 35 वर्षीय निशीथ प्रमाणिक सबसे कम उम्र के मंत्री हैं। निशीथ प्रमाणिक पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से सांसद हैं। कैबिनेट में सबसे अधिक आयु के सदस्य सोम प्रकाश हैं जो 72 वर्ष के हैं।

ऐसी है कैबिनेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली नई मंत्रिपरिषद में 77 सदस्य हैं। फेरबदल और विस्तार के बाद नई मंत्रिपरिषद के आंकड़े आने लगे हैं। इस कैबिनेट में 50 वर्ष से कम आयु के अन्य मंत्रियों में स्मृति ईरानी (45 वर्ष), किरेन रिजिजू (49 वर्ष), मनसुख मंडाविया (49 वर्ष), कैलाश चैधरी (47 वर्ष), संजीव बालियान (49 वर्ष), अनुराग ठाकुर (46 वर्ष), डॉ. भारती प्रवीण पवार (42 वर्ष), अनुप्रिया सिंह पटेल (40 वर्ष), शांतनु ठाकुर (38 वर्ष), जॉन बारला (45 वर्ष) और डॉ. एल मुरुगन (44 वर्ष) शामिल हैं। देखा जाये तो 50 वर्श से कम आयु वाले 11 मंत्री हैं। इसी प्रकार अनुप्रिया सिंह पटेल, शांतनु ठाकुर और निषीथ प्रमाणिक 40 वर्श से कम आयु के मंत्री बने हैं।

औसत उम्र 61 से घटकर हुई 58 वर्ष
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार को हुए महत्वपूर्ण फेरबदल और विस्तार में 43 मंत्रियों ने शपथ ली। इस विस्तार से पहले कैबिनेट सदस्यों की औसत उम्र 61 वर्ष थी जो अब घट कर 58 वर्ष हो गयी है। इससे पहले डॉ. हर्षवर्धन, रमेश पोखरियाल निशंक, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर सहित कई मंत्रियों ने मंत्रिपरिषद से इस्तीफा प्रधानमंत्री को सौंप दिया था, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया। शपथ लेने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सर्बानंद सोनोवाल के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण राणे, भूपेन्द्र यादव आदि शामिल हैं। जी किशन रेड्डी, पुरूषोत्तम रुपाला, अनुराग ठाकुर, हरदीप सिंह पुरी, मनसुख मंडाविया, आर के सिंह, किरेन रिजिजू ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।