Breaking News

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कोविड के विनाश के लिए गोरखपुर में किया रुद्राभिषेक

दो दिन के दौरे पर रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास के शक्तिपीठ में कोविड महामारी के विनाश और जनकल्याण के संकल्प के साथ रुद्राभिषेक कर ईश्‍वर से प्रार्थना किया। घंटे भर चले इस अनुष्ठान में उन्होंने भगवान शिव को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 लीटर दूध और पांच लीटर कुशोदक (कुश के साथ तैयार किया गया जल) समर्पित किया।

गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में हुआ रुद्राभिषेक का अनुष्ठान

रुद्राभिषेक पूजन की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा के साथ हुई। उसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान शिव और द्वादश ज्योतिर्लिंग का पूरे विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पूजन किया। इसी क्रम में अंत में रुद्राभिषेक सम्पन्न किया गया। रुद्राभिषेक को मंदिर के प्रधान पुरोहित रामानुज त्रिपाठी के नेतृत्व में सम्पन्न कराया गया।

उनके साथ वैदिक मंत्रोच्चार करने वालों में डा. अरविंद चतुर्वेदी, डा. रोहित मिश्र, डा. रंगनाथ त्रिपाठी, पं. पुरुषोत्तम चैबे और नित्यानंद तिवारी शामिल रहे। रुद्राभिषेक के बाद प्रधान पुरोहित ने बताया कि रुद्र का तात्पर्य ही दुखों का शमन करने वाला होता है। ऐसे में कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने में यह रुद्राभिषेक बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री कोविड महामारी को विनाश के लिए भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रयास कर रहे हैं।