बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर वीर कुंवर सिंह सेतु (गंगा पुल) की रेलिंग तोड़कर शुक्रवार रात एक एसयूवी गंगा नदी में गिर गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि गाड़ी यूपी से बक्सर की ओर आ रही थी।
स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वाहन (एक स्कॉर्पियो) कथित तौर पर तेज गति से चल रहा था, जब यह पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया। एसएचओ ने संवाददाताओं से कहा, “हमें सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़कर पानी में गिर गई है। बचाव अभियान शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों ने कहा है कि कार की गति अधिक थी। घटना शुक्रवार रात करीब 9:00 बजे हुई। अभी इस बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई कि स्कार्पियो में कितने लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन उत्तर प्रदेश की ओर से बिहार की ओर बहुत तेज़ गति से जा रहा था, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार रेलिंग से टकरा गई और एसयूवी गंगा में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो गाड़ी में करीब पांच लोग सवार थे। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर बक्सर नगर पुलिस स्टेशन, बक्सर औद्योगिक पुलिस स्टेशन और गंगा ब्रिज पुलिस स्टेशन से कई पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।
बक्सर के एसडीएम और सर्किल ऑफिसर (सीओ) भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोरों की टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार, शव मिलने के बाद ही मृतकों के बारे में सही जानकारी मिल पाएगी।