Breaking News

बिहार के जवान को सलाम! शादी के अगले ही दिन नई नवेली दुल्हन को छोड़कर लौटा सरहद, बोला- देश से बढ़कर कुछ नहीं

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इसी बीच बिहार के बक्सर जिले के एक आर्मी जवान ने देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की है। दरअसल, सेना के जवान को शादी के अगले दिन ही ड्यूटी से बुलावा आ गया और वह अपनी नई नवेली दुल्हन को छोड़कर देश की सेवा के लिए रवाना हो गया।

देश से बढ़कर कुछ नहीं- जवान

बताया जा रहा है कि बक्सर जिले के नंदन गांव निवासी भगवान यादव के 26 वर्षीय बेटे त्यागी यादव पिछले 6 वर्षों से 169 एडी ब्रिगेड में सेवारत वर्तमान में श्रीनगर के कंगधार में तैनात हैं। वह छुट्टी लेकर शादी के लिए घर आया था। 7 मई को त्यागी यादव की केसठ गांव की प्रिया कुमारी से शादी हुई थी। शादी के दूसरे दिन यानी 8 मई को त्यागी यादव को ड्यूटी से बुलावा आ गया। जैसे ही उनको ड्यूटी का बुलावा आया, वह बिना देर किए ड्यूटी के लिए रवाना हो गए। त्यागी यादव की दुल्हन ने नम आंखों से पति को विदा किया। वहीं, रवाना होने से पहले त्यागी ने कहा कि देश से बढ़कर कुछ नहीं है।

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम (Pahalgam Terrorist Attack) में पर्यटकों के एक समूह पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 25 भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक सहित 26 लोग मारे गए। भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। इसके चलते भारतीय सेना ने अपने जवानों की छुट्टियां रद्द करते हुए उन्हें वापस आने का निर्देश जारी किया है।