Breaking News

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावः भाजपा ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची, पीएम मोदी समेत ये बड़े मंत्री करेंगे प्रचार

महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीति गर्माती जा रही है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने अपने 23 प्रत्याशियों का एलान किया। इसके कुछ देर बाद ही भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी।

सूची में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। यह सभी नेता विधानसभा चुनाव और नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे।

बता दें कि 20 नवंबर को महाराष्ट्र की कुल 288 विधानसभा सीटों पर मतदान है। 23 नवंबर को मतगणना होगी। भाजपा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है। इसमें शिवसेना ( एकनाथ शिंदे गुट) और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है।

99 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी भाजपा
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और वर्तमान डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महायुति ने 278 सीटों पर बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है। जल्द ही भाजपा प्रत्याशियों की अगली सूची आएगी। भाजपा ने अभी तक कुल 99 और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 45 और राकांपा ने 38 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान किया है।