Breaking News

दिल्ली में आज भी बंद रहेंगी OPD सेवाएं, मरीजों को सड़क पर मिलेगा इलाज

कोलकाता डॉक्टर रेप मर्डर केस के विरोध में दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में आज भी ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। मरीजों के लिए अस्पतालों में केवल इमरजेंसी सेवाएं, आईसीयू और इमरजेंसी ओटी उपलब्ध रहेंगी। सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों ने यह जानकारी दी है।

आज सुबह 11 बजे से रेजिडेंट डॉक्टर निर्माण भवन में मरीजों को वैकल्पिक ओपीडी सेवाएं प्रदान करेंगे। दिल्ली के प्रमुख सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर ‘रोड अस्पताल’ खोलेंगे और सड़क पर मरीजों का इलाज करेंगे।

कोलकाता केस में पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पिछले दिनों से दिल्ली में डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) की देशव्यापी हड़ताल के तहत डॉक्टरों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया था, जिससे सरकारी और निजी अस्पतालों में ओपीडी और ओटी सेवाएं ठप रही थीं।

शनिवार को विरोध के बीच केंद्र सरकार ने डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है और सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट (CPA) पर एक कमेटी गठित करने की घोषणा की। सरकार ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से ड्यूटी पर लौटने की अपील की है।