Breaking News

अमेरिका के मछुआरे को मिली इंसानों जैसे दांत वाली मछली, देखें तस्वीर

अमेरिका में एक मछुआरे को ऐसी मछली मिली है जिसे देखकर लोग जितने हैरान हैं, उतने ही डरे हुए भी हैं। दरअसल, यहां ऐसी मछली मिली है जिसके दांत इंसानों जैसे हैं। इस अजीब सी दिखने वाली मछली की तस्वीर Jennette’s Pier ने फेसबुक पर शेयर की है।

पोस्ट के मुताबिक नेथन मार्टिन नाम के मछुआरे के हाथ यह मछली लगी है जिसका नाम शीपहेड (Sheephead) है। शीपहेड फिश आमतौर पर चट्टानों, मूंगों और पुलों के पास पाई जाती हैं। इनके ऊपर काली और सफेद धारियां बनी हुई हैं। एक तस्वीर में शीपहेड मछली के ऊपर और नीचे के दांत साफ नजर आ रहे हैं जों इंसानों जैसे दिख रहे हैं।

साइंटिफिक अमेरिकन के मुताबिक इस शीपहेड मछली के दांत इंसानों की तरह इसलिए होते हैं क्योंकि यह मांसाहारी और शाकाहारी, दोनों होती है। आमतौर पर इनका वजन 5 से 15 पाउंड के बीच होता है। ये उत्तरी कैरोलीना के तटीय पानी में सालभर पाई जाती हैं। शीपहेड मछली के आगे के दांत शिकार की शेल तोड़ने के काम आते हैं।

ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और लोग इस अनोखी मछली को देखकर हैरान हैं। किसी ने इसे डरावना बताया है तो किसी ने कहा है कि इस मछली के दांत उनसे अच्छे हैं। इससे पहले फरवरी में मेलबर्न के पास एक मछुआरे को भी ऐसी ही मछली दिखी थी। पॉल लोर ने बताया था कि दिखने में इस मछली के दांत भले ही दिखने में इंसानों जैसे हैं, अंदर की ओर ये शार्क के दातों जैसे हैं।