उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार, 28 जुलाई की देर रात 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए। इस फेरबदल में गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारियों के साथ-साथ अयोध्या के मंडलायुक्त भी शामिल हैं। यह तबादले ऐसे समय में हुए हैं, जब राज्य में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति या वर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के सेवा विस्तार की चर्चा चल रही है। मनोज कुमार सिंह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होंगे।
इस तबादले में अयोध्या के मंडलायुक्त रहे IAS गौरव दयाल को गृह सचिव का पद सौंपा गया है, जबकि गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव IAS राजेश कुमार अब अयोध्या के नए मंडलायुक्त होंगे।
गाजियाबाद के डीएम IAS दीपक मीणा को अब गोरखपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। गोरखपुर के डीएम रहे IAS कृष्णा करुणेश को नोएडा में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। प्रयागराज के डीएम IAS रवींद्र कुमार मंदर अब गाजियाबाद के जिलाधिकारी होंगे, जबकि गौतमबुद्धनगर के डीएम रहे IAS मनीष कुमार वर्मा को प्रयागराज का डीएम नियुक्त किया गया है। गौतमबुद्धनगर के नए डीएम के रूप में कासगंज की पूर्व डीएम IAS मेधा रूपम को नियुक्त किया गया है।
बहराइच की पूर्व डीएम IAS मोनिका रानी अब बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत होंगी। गोंडा की डीएम IAS नेहा शर्मा को निबंधन का प्रभारी महानिरीक्षक बनाया गया है। ललितपुर के नए डीएम IAS अमनदीप डुली होंगे।
कानपुर देहात का नया डीएम कौन?
उत्तर प्रदेश चीनी निगम लिमिटेड में अपर आयुक्त (प्रशासन) और गन्ना प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात IAS प्रणय सिंह को कासगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। कानपुर देहात के डीएम रहे IAS आलोक सिंह अब राज्य संपत्ति विभाग में विशेष सचिव होंगे। उनकी जगह IAS कपिल सिंह को कानपुर देहात का डीएम नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, ललितपुर के डीएम रहे IAS अक्षय त्रिपाठी अब बहराइच के जिलाधिकारी होंगे।
मिर्जापुर में नया डीएम नियुक्त
इस प्रशासनिक बदलाव में मिर्जापुर को भी नया डीएम मिला है। IAS पवन कुमार गंगवार अब मिर्जापुर के जिलाधिकारी होंगे। मिर्जापुर की पूर्व डीएम IAS प्रियंका निरंजन को गोंडा का डीएम बनाया गया है।
IAS प्रणता ऐश्वर्या, जो पहले नमामि गंगे और जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव थीं, अब सीतापुर की मुख्य विकास अधिकारी होंगी। IAS जयनाथ यादव को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। IAS मिनिष्ती एस. को उत्तर प्रदेश की गन्ना आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झांसी मंडलायुक्त को अतिरिक्त प्रभार
बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ IAS अमृत त्रिपाठी को अब उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। IAS डॉ. सारिका मोहन वित्त विभाग की सचिव होंगी। झांसी मंडल के मंडलायुक्त IAS बिमल कुमार दुबे को उनके मौजूदा पद के साथ-साथ बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। IAS प्रमोद कुमार उपाध्याय अब समाज कल्याण विभाग में सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
यह तबादले प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।