Breaking News

2022 में 60 परसेंट हमारा 40 में होगा बटवारा: उप मुख्‍यमंत्री केशव मौर्य

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव और क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनाव में मिली सफलता ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओ का उत्साह और मनोबल बढ़ा दिया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपने प्रयागराज प्रवास के दौरान कहा कि भाजपा की नीतियों और कार्यों की जीत हुई है। इसे जनता से खुले मन से स्वीकार किया और आगे के लिए भी संकेत दे दिए हैं। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में हम दोबारा जीतेगे।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने उम्मीद जताई कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर भाजपा का परचम लहराएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हम सब दोबारा जीत दर्ज करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि 2022 में 60 प्रतिशत वोट हमारा होगा और 40 प्रतिशत वोट में बंटवारा होगा। यही जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव और ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में हुआ है।

डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान किया, विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। जनता के बीच सरकार के कार्यों को लेकर पहुंचे। बताएं कि सरकार लोगों की खुशहाली के लिए क्या कर रही है। आज जनमानस की मुश्किलों को हल करने के लिए भी जो प्रयास हो सके उन्हें तत्काल किया जाए।

यदि सरकारी व्यवस्था में कठिनाई हो तो उसकी सूचना पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों को जरूर दें। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपनों का भारत बनाने में जुटी है। उनकी संकल्पना थी कि समाज के अंतिम पायदान तक विकास की रोशनी पहुंचे। इसी दिशा में पार्टी और सरकार काम कर रही है।