Breaking News

11 की बजाए 8 बजे से ही शुरू हुआ किसानों का भारत बंद, बंगाल व महाराष्ट्र में रोकी गईं ट्रेनें- सड़कों पर चक्का जाम

नए कृषि कानूनों के खिलाफ आज देशभर के किसानों ने भारत बंद का आह्वान किया है। किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक यानी चार घंटे का सांकेतिक बंद बुलाया है, लेकिन इसका असर सुबह आठ बजे से ही दिखने लगा। तमाम राजनीतिक दलों ने सुबह आठ बजे से ही बंद के तहत विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के बंद को देश के सभी विपक्षी दलों ने अपना समर्थन दिया है। इसके अलावा किसान यूनियनें भी किसानों के साथ हैं। किसानों की मांग है कि सरकार इन कानूनों को वापस ले।

 

मंगलवार सुबह से ही देश के अलग-अलग इलाकों में कई संगठन सड़कों पर उतरे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। यूपी, महाराष्ट्र, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में ट्रेनें रोकी गई हैं। ‘भारत बंद’ के ऐलान का असर अमृतसर में भी देखने को मिल रहा है। अमृतसर का बस अड्डा सुनसान पड़ा है और स्थानीय हाल गेट के बाहर भारी पुलिस तैनात है।

 

वहीं बंद के अंतर्गत पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और ओडिशा में ट्रेनों को रोका गया। इसके कारण कई जगहों पर आवाजाही प्रभावित है। दूसरी ओर किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना है कि हमारा बंद शांतिपूर्ण होगा और यदि कोई इसमें दो-तीन घंटे तक फंसा रह जाता है तो उसे फल और पानी उपलब्ध कराया जाएगा।