Breaking News

सहारनपुर : विभिन्न संगठनों की ओर से प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को दिए गए ज्ञापन

रिपोर्ट:- गौरव सिंघल,विशेष संवाददाता, दैनिक संवाद, सहारनपुर मंडल,उप्र:।।

सहारनपुर (दैनिक संवाद न्यूज)।

नगर एवं जिले के कई प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन देने वाले संगठनों में बार एसोसिएशन, उद्योग व्यापार मंडल, आईआईए, लघु उद्योग भारती, भारतीय किसान संघ आदि शामिल हैं। नगर भाजपा विधायक राजीव गुंबर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन देकर मांग की कि सहारनपुर के राजकीय मेडिकल कालेज में एमआरआई स्केन मशीन और अल्ट्रसाउंड मशीन की सुविधा मुहैया कराई जाए। न्यूरो सर्जन चिकित्सक की नियुक्ति की जाए और इस मेडिकल कालेज में पीजीआई जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएं। इनके अभाव में राजकीय मेडिकल कालेज में रोगियों का समुचित उपचार नहीं हो पाता है।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार पुंडीर ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की और मांग की कि सहारनपुर में मार्डन सिविल कोर्ट स्थापित की जाए। उत्तर प्रदेश में कुल 12 मार्डन सिविल कोर्ट बननी हैं जिनमें से 10 कोर्ट की घोषणा पूर्व में हो चुकी है। अशोक पुंडीर एडवोकेट का कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री सहारनपुर में आज इस घोषणा को करेंगे। अभी दो मार्डन सिविल कोर्ट स्थापित करना बाकी है। जिनमें से एक सहारनपुर में बनाई जानी चाहिए। भारतीय किसान संघ की ओर से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि किसान सहकारी चीनी मिल नानोता में एथोनोल का संयंत्र लगाया जाए और इस चीनी मिल को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाए ताकि ये चीनी मिल सुचारू रूप से गन्ना पेराई कर सके। चीनी मिल की मशीनें इस लायक नहीं रह गई हैं कि वह सुचारू रूप से चल सके।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने वालों में आईआईए सहारनपुर चेप्टर के चेयरमैन प्रमोद सड़ाना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के महानगराध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल, सीआईएस के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता आदि शामिल रहे। आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, सुनील सैनी, संदीप गुप्ता, शैलेंद्र भूषण गुप्ता, अशोक गांधी, राजकुमार अरोड़ा, मगन जैन आदि प्रमुख लोग शामिल रहे। उन्होंने बुके भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 14 वीं बार सहारनपुर आए थे। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने सरसावा हवाई अड्डे पर संसदीय कार्य और औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी को बुलाकर अपनी कार में बैठाया और कार में पहले से बैठे प्रदेश के प्रमुख गृह सचिव संजय प्रसाद को दूसरी कार से आने को कहा। मुख्यमंत्री की कार में लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश रावत और भाजपा पश्चिमी प्रदेश के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल पहले से ही कार में सवार थे। मुख्यमंत्री की नजर जब जसवंत सैनी पर पड़ी तो उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों के जरिए जसवंत सैनी को अपने पास बुलाया और कार में बैठने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री की इस दरियादिली और गरिमापूर्ण व्यवहार का हवाई अड्डे पर मौजूद तमाम लोगों पर बहुत अच्छा असर हुआ।